
उत्तर प्रदेश 2022 विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनैतिक पार्टियों के बीच वाद विवाद का दौर जारी हो गया है। विधानसभा चुनाव में महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट, फ्री स्कूटी, स्मार्ट फोन और सरकारी बस में मुफ्त यात्रा के ऐलान के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आधी आबादी को लुभाने के लिए रविवार को एक और बड़ा वादा किया। प्रियंका ने कहा कि यूपी में हमारी सरकार आई तो महिलाओं को एक वर्ष में रसोई गैस के तीन सिलेंडर बिल्कुल मुफ्त दिए जाएंगे।
कांग्रेस की प्रतिज्ञा रैली के दौरान आज योगी के गढ़ गोरखपुर से प्रियंका ने यूपी और देश भर में महिलाओं का मुद्दा जोरशोर से उठाया। प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट देने का निर्णय लिया है। महिलाएं संवेदनशील और करुणा से भरी होती हैं। वे राजनीति में आएंगी तो बदलाव नज़र आएगा।
यूपी चुनाव को लेकर प्रियंका जोरोशोरो से पार्टी के प्रचार में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार आई तो मछली पालन को कृषि का दर्जा दिया जाएगा। गुरु मत्स्येन्द्रनाथ विवि की स्थापना की जाएगी। किसानों का पूरा कर्जा माफ किया जाएगा। उत्तर प्रदेश में पशुओं की समस्या का समाधान छत्तीसगढ़ की तर्ज पर निकाला जाएगा।