
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने सहारनपुर के लोगों को एक्सप्रेस-वे की सौगात दी और प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों को लेकर गर्व व्यक्त किया।
सीएम योगी ने कहा कि “डबल इंजन सरकार” के तहत उत्तर प्रदेश में तेजी से विकास हो रहा है, और सबसे ज्यादा एक्सप्रेस-वे यूपी में हैं। उन्होंने इस एक्सप्रेस-वे के सहारनपुर के विकास में अहम भूमिका निभाने की बात की और कहा कि इस एक्सप्रेस-वे से सहारनपुर में व्यापार, कृषि और अन्य क्षेत्रों में विकास को गति मिलेगी।
सीएम ने किसानों के महत्व को स्वीकार करते हुए कहा, “हम अन्नदाता के लिए काम कर रहे हैं, ताकि उनकी खेती और उत्पाद को बाजारों तक पहुंचाना आसान हो सके।” इसके साथ ही उन्होंने सहारनपुर में लकड़ी उत्पादों को बाजारों में भेजने में भी सहुलत मिलने की उम्मीद जताई।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आज बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती है, और इस मौके पर हम उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उन्होंने बीजेपी की ओर से महापुरुषों का सम्मान करने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।
सीएम योगी ने कहा, “जेवर एयरपोर्ट एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बन रहा है और नोएडा में फिल्म सिटी का निर्माण हो रहा है। ये सभी परियोजनाएं यूपी के विकास को नई दिशा दे रही हैं।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योगदान को सराहते हुए सीएम ने कहा, “हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे जैसी परियोजना को संभव किया।”









