
सेशेल्स ट्रिप: जब भी हम किसी विदेशी दौरे का प्लान बनाते हैं, तो सबसे पहले दिमाग में पासपोर्ट, वीजा के चक्कर और लंबी-लंबी कागजी कार्यवाही का ख्याल आता है. लेकिन जरा सोचिए, अगर आपको किसी ऐसी जगह जाने का मौका मिले जो दिखने में बिल्कुल स्वर्ग जैसी हो और जहां जाने के लिए पहले से वीजा की कोई झंझट ही न हो? हम बात कर रहे हैं हिंद महासागर की गोद में बसे बेहद खूबसूरत देश सेशेल्स (Seychelles) की. अगर आप इस साल एक शानदार इंटरनेशनल वेकेशन की प्लानिंग कर रहे हैं, तो सेशेल्स का ‘माहे द्वीप’ (Mahe Island) आपके लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन साबित हो सकता है. आइए जानते हैं इस खूबसूरत आइलैंड से जुड़ी कुछ बेहद खास बातें.
दुनिया की सबसे छोटी राजधानी और प्रकृति का अनोखा संसार
माहे सिर्फ सेशेल्स का सबसे बड़ा द्वीप ही नहीं है, बल्कि यह इस खूबसूरत देश का मुख्य प्रवेश द्वार भी है. यहां पहुंचते ही आपका स्वागत दुनिया की सबसे छोटी राजधानियों में से एक ‘विक्टोरिया’ करती है. यह शहर इतना प्यारा और छोटा है कि आप पैदल घूमते हुए ही इसके खूबसूरत रंगों, बाजारों और स्थानीय संस्कृति को करीब से महसूस कर सकते हैं.
शहर की हलचल से दूर निकलते ही आपको कुदरत का असली जादू देखने को मिलेगा. इस आइलैंड का लगभग आधा हिस्सा ‘मोर्ने सेशेल्लोइस नेशनल पार्क’ के रूप में सुरक्षित है. यहां के पहाड़ी रास्तों पर ट्रैकिंग करते हुए आपको दुर्लभ वेनिला ऑर्किड की महक और नीले कबूतरों की चहचहाहट मंत्रमुग्ध कर देगी. वहीं, अगर आप रोमांच के शौकीन हैं और 905 मीटर ऊंची चोटी पर चढ़ने की हिम्मत दिखाते हैं, तो वहां से दिखने वाला हिंद महासागर का नजारा आपकी जिंदगी के सबसे यादगार पलों में शुमार हो जाएगा.
लक्जरी लाइफस्टाइल और एडवेंचर का परफेक्ट कॉम्बिनेशन
पहाड़ों की खूबसूरती को निहारने के बाद जब आप समंदर के किनारों की तरफ बढ़ेंगे, तो आपको माहे का एक बेहद आधुनिक और लक्जरी अंदाज देखने को मिलेगा. द्वीप के पूर्वी तट पर स्थित ‘ईडन आइलैंड’ और ‘एल’एस्केल’ जैसे मरीना (Marina) दुनिया भर के अमीरों और उनके आलीशान सुपरयाट (Superyachts) के पसंदीदा ठिकाने हैं. मुख्य जमीन से पुल के जरिए जुड़ा ईडन आइलैंड रात के समय सौर ऊर्जा की रोशनी से जगमगा उठता है, जो देखने में बेहद खूबसूरत लगता है.
अगर आप एडवेंचर और सुकून दोनों चाहते हैं, तो माहे का ‘ब्यू वल्लन’ बीच आपके लिए ही है. इसकी मखमली सफेद रेत पर आप आराम से धूप सेंक सकते हैं या फिर साफ पारदर्शी पानी में स्कूबा डाइविंग और स्नॉर्कलिंग करके समुद्री जीवों की रंगीन दुनिया को देख सकते हैं. यहां के किनारों पर मौजूद ग्रेनाइट की विशाल चट्टानें और नारियल के पेड़ों की कतारें आपकी तस्वीरों को एक परफेक्ट ‘पोस्टकार्ड लुक’ देती हैं.
भारतीयों के लिए आसान सफर: नो वीजा टेंशन!
इस शानदार ट्रिप की सबसे बेस्ट बात यह है कि यहां पहुंचना बेहद आसान है. भारत के प्रमुख शहरों जैसे दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु से आप महज 5 से 6 घंटे की डायरेक्ट फ्लाइट लेकर सेशेल्स पहुंच सकते हैं. भारतीय पर्यटकों के लिए सेशेल्स सरकार ने ‘नो-वीजा’ पॉलिसी रखी है. आपको पहले से कोई वीजा अप्लाई करने की जरूरत नहीं है. बस अपनी रिटर्न फ्लाइट टिकट और होटल बुकिंग साथ रखिए, और वहां पहुंचते ही आपको आसानी से ‘विजिटर परमिट’ मिल जाएगा.
तो देर किस बात की? अगर आप इस छुट्टियों में शांति, रोमांच और लक्जरी का एक साथ अनुभव करना चाहते हैं, तो सेशेल्स के माहे द्वीप का टिकट आज ही बुक करें!









