प्रयागराज के मेजा में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, घर के बाहर सो रहे एक ही परिवार के तीन सदस्यों की बेरहमी से हत्या; चारपाई पर पड़े मिले शव

कुकुर कटवा गांव में बुजुर्ग समेत दो महिलाओं का शव बरामद, इलाके में दहशत का माहौल; जमीनी विवाद समेत हर एंगल पर पुलिस की तफ्तीश जारी

प्रयागराज। जनपद के मेजा थाना क्षेत्र के कुकुर कटवा गांव में सोमवार सुबह एक ही परिवार के तीन सदस्यों की नृशंस हत्या से सनसनी फैल गई। घर के बाहर चारपाई पर सो रहे एक बुजुर्ग और दो महिलाओं के शव सुबह पड़े मिले, जिन्हें देख पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।

घर के बाहर सोते वक्त उतारा मौत के घाट

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों सदस्य रात के समय घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। मृतकों में एक बुजुर्ग व्यक्ति और दो महिलाएं शामिल हैं, जो एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जमीनी विवाद समेत हर एंगल पर तफ्तीश जारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस ट्रिपल मर्डर के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए हर एंगल पर गहनता से तफ्तीश की जा रही है। परिवार का कोई पुराना जमीनी विवाद तो नहीं था, रंजिश तो नहीं थी या फिर कोई और वजह है, इन सभी बिंदुओं पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फिलहाल इस सामूहिक हत्या के बाद गांव में दहशत का माहौल व्याप्त है और पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

Related Articles

Back to top button