
मुंबई। टेलीविज़न के चर्चित शो ‘कुमकुम भाग्य’ और ‘वागले की दुनिया’ में काम कर अपनी अलग पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस संचिता उगाले की संदिग्ध मौत ने पूरी इंडस्ट्री को हिला कर रख दिया है। 14 जून को उन्होंने मुंबई के नालासोपारा ईस्ट स्थित अपने अपार्टमेंट में फांसी का फंदा लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की हर एंगल से जाँच कर रही है। इस बीच दिवंगत अभिनेत्री के पिता मच्छिंद्र उगाले ने बेटी की मानसिक स्थिति को लेकर चौंकाने वाले खुलासे किए हैं और उसके लिए न्याय की मांग की है।
परेशान तो वो रहती ही थी
एक इंटरव्यू में संचिता के पिता ने बताया कि वह अक्सर परेशान रहती थीं। मच्छिंद्र उगाले ने कहा, परेशान तो वो रहती ही थी। उसने हमें वजह कभी साफ नहीं बताई, लेकिन वो परेशान रहती थी। जब अच्छे मूड में होती थी, तब भी अचानक डिप्रेशन में चली जाती थी। यह बात हमारे ध्यान में आई थी और इसीलिए हम रोज़ उसके पास आया-जाया करते थे। उन्होंने दुखी होकर कहा, बस उतना ही समय, समझो कि आधा घंटा हम उसके साथ नहीं थे, वो हमारी गलती समझो, लेकिन वो इतने डिप्रेशन में चली गई, यह हमें नहीं मालूम था कि वह ऐसा कदम उठा लेगी।
पैसों को लेकर हो रही थी प्रताड़ना
पिता ने आगे गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि संचिता को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने कहा, उससे बातचीत की थी, पर उसे टॉर्चर किया जा रहा था। उसे कोई न कोई पैसों को लेकर या किसी और बात की मांग करके टॉर्चर और हैमरिंग कर रहा था। किसी न किसी मामले में यह चल ही रहा था। मच्छिंद्र उगाले ने प्रशासन से बस एक ही मांग की है कि उनकी बेटी के साथ जो भी गलत हुआ है, उसे पूरा न्याय मिलना चाहिए।
14 जून की शाम को हुई थी घटना
पुलिस के अनुसार, यह घटना 14 जून को शाम 7 से 7:30 बजे के बीच नालासोपारा ईस्ट के अचोले गाँव स्थित साईं संतोषी बिल्डिंग में हुई। संचिता अपने बेडरूम में छत के पंखे से साड़ी के सहारे लटकी हुई मिलीं और कमरा अंदर से पूरी तरह बंद था। परिवार के लोग तुरंत उन्हें वसई-विरार म्युनिसिपल कॉरपोरेशन के अस्पताल लेकर पहुँचे, जहाँ डॉक्टरों ने जाँच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अचोले पुलिस स्टेशन के एपीआई विनोद बाग ने बताया कि 15 जून को मृतका के पिता की शिकायत पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत आकस्मिक मृत्यु (ADR) का मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस हर बिंदु पर गहनता से जाँच कर रही है।









