
उन्नाव/बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश में एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। बुलंदशहर-अनूपशहर हाईवे किनारे एक महिला का कई दिन पुराना नग्न शव बरामद हुआ, जिसकी जाँच करने पर पूरे मामले का तार उन्नाव से जुड़ता दिखाई दिया। चौंकाने वाली बात यह है कि मृतका ने महज दो दिन पहले ही उन्नाव के उत्तम हॉस्पिटल के मालिक के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि FIR दर्ज होने के बाद ही आरोपी ने बदले की नीयत से महिला की बेरहमी से हत्या कर शव को नग्न हालत में हाईवे किनारे फेंक दिया।
बर्रा थाने में दर्ज थी गुमशुदगी, बुलंदशहर पुलिस ने खँगाले हज़ारों CCTV
परिजनों के अनुसार, महिला के लापता होने पर कानपुर के बर्रा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। इधर, बुलंदशहर पुलिस ने जब हाईवे किनारे मिले शव की पहचान और घटना की तह तक जाने का बीड़ा उठाया तो हज़ारों CCTV फुटेज खँगाले गए। जाँच में पुलिस घटना में इस्तेमाल गाड़ी तक का पता लगाने में सफल रही। सूत्रों के अनुसार, आरोपी अस्पताल मालिक को उन्नाव पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई और बाद में उसने खुद अदालत में जाकर सरेंडर कर दिया।
उन्नाव पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे गंभीर सवाल
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल उन्नाव पुलिस की भूमिका पर उठ रहा है। आरोप है कि दुष्कर्म जैसे संगीन अपराध की शिकायत के बावजूद पुलिस ने मामले में गंभीरता नहीं दिखाई और आरोपी की गिरफ्तारी के बजाय पूरी कार्रवाई पर कुंडली मारकर बैठी रही। वहीं, बुलंदशहर पुलिस की तत्परता से मामले की गुत्थी सुलझने की राह खुली। अब यह प्रश्न जोर पकड़ रहा है कि क्या रसूखदार आरोपी को बचाने की जानबूझकर कोशिश की गई और क्या इस पूरे कांड को दबाने का प्रयास किया जा रहा था? फिलहाल, अदालत के समक्ष सरेंडर कर चुके आरोपी से पुलिस पूछताछ की तैयारी कर रही है।









