UP : महंगाई को लेकर अखिलेश ने सरकार को घेरा, कहा-भाजपा का फुल टिकट काटने का मन बना चुकी है जनता

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा की डबल इंजन सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि महंगाई है। इसका ग्राफ हर वर्ष ऊंचा ही होता रहा है। भाजपा की कुनीतियों के चलते भाजपा के पूंजीपति मित्र तो मालामाल होते जा रहे हैं जबकि जनता कंगाल होती जा रही है। भाजपा समाज के हर वर्ग का उत्पीड़न करने से ही नहीं रूकी, उसने तय कर लिया है कि अब वह बच्चों को भी नहीं छोड़ेगी।

सपा अध्यक्ष ने आगे कहा भाजपा राज में डीजल-पेट्रोल, सीएनजी, रसोई गैस आदि के दाम आसमान छू रहे हैं। आटा, दाल, चावल, सब्जी, तेल, दूध, दही पर भी जीएसटी लगा दी जिससे लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। चावल में 10 से लेकर 20 रूपये, अरहर दाल में 15 रूपए, जीरा में 25 रूपये और लाल मिर्च में 40 रूपए तक की बढ़ोत्तरी हो गई है। पराग, अमल, मदर डेयरी समेत सभी दूध कम्पनियों ने दूध के दामों में वृद्धि कर दी है।

उन्होंने कहा भाजपा सरकार की क्रूर नीतियों की हद तो यह है कि बच्चों के मुंह से दूध छीनने के अलावा अब एक साल के बच्चे पर फुल रेल टिकट लगाने जा रही है। अभी तक रेलवे पांच से ग्यारह वर्ष तक के बच्चों से पूरा किराया लेने पर कन्फर्म टिकट देता था। अब रेलवे ने एक वर्ष के बच्चे के लिए भी किराये के भुगतान की शर्त कन्फर्म टिकट पर लगा दी है।

अखिलेश यादव ने आगे कहा भाजपा के कुशासन में महंगाई, भ्रष्टाचार खूब फलफूल रहा हैं। जनसामान्य की कहीं सुनवाई नहीं। हर तरफ लूट मची हुई है। लोगों में निराशा के साथ आक्रोश भी पनप रहा है। जनता अब भाजपा का फुल टिकट काटने का मन बना चुकी है।

Related Articles

Back to top button