
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपने दो प्रत्याशियों का नामांकन दाखिल करा दिया है। बुधवार को सपा के वरिष्ठ नेता प्रो. रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नथवानी ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत पार्टी के कई नेता मौजूद रहे।
रामगोपाल यादव और धनराज नथवानी ने दाखिल किया नामांकन
सपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए प्रो. रामगोपाल यादव के साथ धनराज परिमल नथवानी को अपना प्रत्याशी बनाया है। दोनों ने बुधवार को नामांकन दाखिल किया। पार्टी की ओर से पहले ही दोनों के नामों का ऐलान किया गया था।
रामगोपाल यादव सपा के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय महासचिव हैं। वह इससे पहले भी राज्यसभा के सदस्य रह चुके हैं। वहीं धनराज परिमल नथवानी का जुड़ाव कारोबारी और खेल प्रशासन के क्षेत्र से रहा है।
नामांकन के बाद रामगोपाल यादव का बड़ा बयान
नामांकन दाखिल करने के बाद रामगोपाल यादव ने कहा, “आज हमने नामांकन फाइल किया है।” वहीं राज्यसभा के तीसरे प्रत्याशी को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि इसके बारे में अखिलेश यादव बता सकते हैं।
सपा ने फिलहाल दो प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया है। तीसरे प्रत्याशी को लेकर पार्टी की ओर से आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
कौन हैं धनराज परिमल नथवानी?
धनराज परिमल नथवानी रिलायंस समूह से जुड़े कारोबारी हैं और उनकी आधिकारिक प्रोफाइल के मुताबिक वह रिलायंस न्यू एनर्जी लिमिटेड के निदेशक हैं। वह खेल प्रशासन से भी जुड़े रहे हैं और गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन तथा गुजरात स्टेट फुटबॉल एसोसिएशन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं।
धनराज नथवानी, झारखंड से राज्यसभा सांसद परिमल नथवानी के बेटे हैं। उनके पिता परिमल नथवानी को बीजेपी का समर्थन प्राप्त निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर झारखंड से राज्यसभा के लिए चुना गया था।
यूपी की 10 राज्यसभा सीटों पर होना है चुनाव
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए चुनाव होना है। सपा ने अपने दो उम्मीदवारों के नाम घोषित कर उनके नामांकन की प्रक्रिया पूरी कर दी है। अब पार्टी के तीसरे प्रत्याशी को लेकर नजरें अखिलेश यादव के अगले ऐलान पर हैं।









