
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में इन दिनों सोशल मीडिया पर रील (Reel) बनाने और सुर्खियां बटोरने का खुमार नेताओं के सिर चढ़कर बोल रहा है। ताजा मामला लखनऊ से सामने आया है, जहां भाजपा के दो विधायकों की ‘सादगी’ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। दरअसल, डिबाई विधानसभा सीट से विधायक सीपी सिंह और स्याना सीट से विधायक देवेंद्र सिंह लोधी ने ईंधन बचाने की एक अच्छी पहल करते हुए विधानसभा के बाहर इलेक्ट्रिक ऑटो से सफर किया। लेकिन, रील बनवाने के उत्साह में माननीय यह भूल गए कि उनका वीडियो किसी और गाड़ी से नहीं, बल्कि उन्हीं की लग्जरी फॉर्च्यूनर कार से शूट किया जा रहा था।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैमरामैन आराम से विधायक जी की महंगी गाड़ी में बैठकर कैमरे से ऑटो का वीडियो बना रहा है। यह पूरी कवायद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ऊर्जा संरक्षण अभियान के तहत की गई थी।
बता दें कि पीएम मोदी की अपील पर योगी सरकार ने कुछ ही दिन पहले प्रदेश में ऊर्जा और ईंधन बचाने के लिए 7 बड़े फैसले लिए हैं, जिसमें मुख्यमंत्री, मंत्रियों और विधायकों के काफिले में 50% की कटौती और हफ्ते में एक दिन पब्लिक ट्रांसपोर्ट से चलने की सलाह शामिल है। सरकार की इस मुहिम को अमलीजामा पहनाने निकले विधायकों की यह ‘हाईटेक सादगी’ अब चर्चा का विषय बन गई है और लोग सोशल मीडिया पर मजे ले रहे हैं कि ईंधन बचाने के चक्कर में विधायकों ने फॉर्च्यूनर को ही कैमरे की गाड़ी बना दिया।









