
स्वास्तिक चिकारा की शानदार बल्लेबाजी के दम पर मेरठ मावेरिक्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS में कानपुर सुपरस्टार्स को एकतरफा मुकाबले में 9 विकेट से हरा दिया।
भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार को खेले गए मुकाबले में 143 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मेरठ मावेरिक्स ने सिर्फ 13.5 ओवर में एक विकेट खोकर 146 रन बनाकर जीत हासिल कर ली।

इस जीत के साथ मेरठ मावेरिक्स ने टूर्नामेंट में अपना अजेय अभियान जारी रखा और लगातार पांचवीं जीत दर्ज करते हुए अंक तालिका में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली। वहीं कानपुर सुपरस्टार्स को पांच मुकाबलों में चौथी हार का सामना करना पड़ा।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने की मैच की शुरुआत
मैच की औपचारिक शुरुआत उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने पारंपरिक तरीके से घंटा बजाने की रस्म के साथ की।

इस मौके पर दयाशंकर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार बेहतर सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध कराने पर काम कर रही है। यूपी टी-20 लीग जैसे आयोजन प्रदेश के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और प्रतिस्पर्धी क्रिकेट का अनुभव हासिल करने का मौका दे रहे हैं।
यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि लीग का उद्देश्य प्रदेश के खिलाड़ियों को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे दबाव और उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा में खुद को साबित कर सकें।
कानपुर सुपरस्टार्स ने बनाए 142 रन
टॉस जीतकर मेरठ मावेरिक्स के कप्तान रिंकू सिंह ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी कानपुर सुपरस्टार्स की शुरुआत धीमी रही और टीम ने पावरप्ले में दो विकेट खोकर 41 रन बनाए।
कानपुर के सलामी बल्लेबाज प्रयांशु पांडेय 19 रन बनाकर विजय कुमार की गेंद पर आउट हुए। वहीं अभिषेक पांडेय खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए।
आदर्श सिंह ने टीम की पारी को संभालते हुए 36 गेंदों पर एक चौका और दो छक्कों की मदद से 45 रन बनाए। कप्तान समीर रिजवी 19 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद सत्यम सांगू ने 16 रन और यशोवर्धन सिंह ने 14 गेंदों में एक चौका और दो छक्कों की मदद से 26 रन बनाकर टीम का स्कोर 20 ओवर में 8 विकेट पर 142 रन तक पहुंचाया।

मेरठ की ओर से विजय कुमार और जीशान अंसारी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट हासिल किए।
स्वास्तिक चिकारा ने उड़ाया गेंदबाजों का मजाक
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ मावेरिक्स को शुरुआती झटका जरूर लगा, जब दिव्यांश जोशी 10 रन बनाकर आउट हो गए।
इसके बाद स्वास्तिक चिकारा ने मैदान पर ऐसा तूफान मचाया कि कानपुर के गेंदबाज बेबस नजर आए। आईपीएल 2025 विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हिस्सा रहे चिकारा ने सिर्फ 46 गेंदों में 9 चौके और 7 छक्कों की मदद से नाबाद 97 रन की धमाकेदार पारी खेली।
उनका साथ देते हुए रतुराज शर्मा ने नाबाद 35 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 69 गेंदों में 133 रनों की शानदार साझेदारी कर मेरठ को आसान जीत दिला दी।

यूपी टी-20 लीग में पूरे किए 1500 रन
इस मुकाबले के साथ ही स्वास्तिक चिकारा ने यूपी टी-20 लीग में अपने 1500 रन पूरे कर लिए। इससे पहले उनके नाम 1459 रन थे और अब वह 39 मैचों में 1556 रन बना चुके हैं।
संक्षिप्त स्कोर
कानपुर सुपरस्टार्स: 142/8 (20 ओवर)
आदर्श सिंह-45, यशोवर्धन सिंह-26
विजय कुमार-2/26, जीशान अंसारी-2/30
मेरठ मावेरिक्स: 146/1 (13.5 ओवर)
स्वास्तिक चिकारा-नाबाद 97, रतुराज शर्मा-नाबाद 35
परिणाम: मेरठ मावेरिक्स ने 9 विकेट से जीत दर्ज की
मैन ऑफ द मैच: स्वास्तिक चिकारा









