
लखनऊ : यूपी टी-20 लीग सीजन में सोमवार को खेले गए मुकाबले में नोएडा किंग्स ने गोरखपुर लायंस को 4 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। टीम की जीत के हीरो तेज गेंदबाज नमन तिवारी रहे, जिन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट झटके।
बारिश और गीली आउटफील्ड के कारण यह मुकाबला 18-18 ओवर का खेला गया। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में गोरखपुर लायंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 17.5 ओवर में 112 रन बनाकर पूरी टीम गंवा दी। जवाब में नोएडा किंग्स ने 16.1 ओवर में 6 विकेट खोकर 113 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
नमन तिवारी ने बरपाया कहर
आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा रहे और अंडर-19 विश्व कप के स्टार नमन तिवारी ने अपनी शानदार गेंदबाजी से गोरखपुर लायंस के बल्लेबाजों को टिकने का मौका नहीं दिया।नमन ने 3.5 ओवर में बिना कोई मेडन फेंके सिर्फ 13 रन देकर 6 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। उनकी घातक गेंदबाजी के चलते गोरखपुर लायंस की पूरी टीम 112 रन पर सिमट गई।
नमन ने अभय प्रताप सिंह (10) और कप्तान आयुष जुयाल (2) को आउट कर टीम को शुरुआती झटके दिए। इसके बाद उन्होंने शिवम शर्मा (3), सिद्धार्थ यादव (18) और अंकित चौधरी (14) जैसे बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।

गोरखपुर लायंस की खराब शुरुआत
गोरखपुर लायंस की शुरुआत बेहद खराब रही। शुरुआती ओवरों में ही टीम ने महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए। आयुष चौधरी (15) और प्रिंस यादव भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके।निचले क्रम में पार्थ पहलावत (14) और अंकित चौधरी (14) ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन नमन तिवारी की शानदार गेंदबाजी के सामने टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी।
प्रशांत वीर के छक्के से मिली जीत
113 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नोएडा किंग्स की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। टीम ने 35 रन के स्कोर तक दो विकेट गंवा दिए थे।रवि सिंह (19), अन्वेश चौधरी (13) और आदित्य शर्मा (35) ने टीम को संभालने की कोशिश की। आदित्य शर्मा ने महत्वपूर्ण पारी खेली, लेकिन शिवम शर्मा ने उन्हें आउट कर दिया।अंत में कप्तान प्रशांत वीर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत दिलाई। उन्होंने 10 गेंदों पर 2 छक्कों की मदद से नाबाद 20 रन बनाए और 17वें ओवर की पहली गेंद पर छक्का लगाकर मुकाबला खत्म किया।
मंत्री नितिन अग्रवाल ने किया उद्घाटन
मुकाबले की औपचारिक शुरुआत उत्तर प्रदेश सरकार के आबकारी एवं मद्य निषेध विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने टॉस कराकर और घंटा बजाने की परंपरा के साथ की।इस अवसर पर नितिन अग्रवाल ने कहा कि यूपी टी-20 लीग जैसे बड़े आयोजन खिलाड़ियों के साथ-साथ क्रिकेट प्रेमियों को भी उच्च स्तर के क्रिकेट का अनुभव प्रदान करते हैं।

यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि लीग के हर मुकाबले में प्रतिस्पर्धा का स्तर लगातार बेहतर हो रहा है और यही इसकी सबसे बड़ी विशेषता है।









