
लखनऊ: यूपी टी-20 लीग सीजन-4 में डिफेंडिंग चैंपियन काशी रुद्रास ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए लगातार तीसरी जीत दर्ज की है। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में काशी रुद्रास ने कानपुर सुपरस्टार्स को रोमांचक मुकाबले में 7 रन से हराया।
मुकाबले में काशी रुद्रास की जीत के हीरो साहब युवराज सिंह रहे, जिन्होंने मुश्किल परिस्थितियों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 91 रन की पारी खेली। उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

काशी रुद्रास ने खड़ा किया 167 रन का स्कोर
टॉस जीतकर कानपुर सुपरस्टार्स के कप्तान समीर रिजवी ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी काशी रुद्रास की शुरुआत खराब रही और टीम ने पावरप्ले के दौरान ही तीन अहम विकेट गंवा दिए। इसके बाद साहब युवराज सिंह ने मोर्चा संभाला और धैर्य के साथ आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 56 गेंदों में 91 रन बनाए। उनकी पारी में 7 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।
उन्होंने शुभम चौबे के साथ मिलकर महत्वपूर्ण साझेदारी की और टीम को संभाला। वहीं आखिरी ओवरों में अनव बालयान ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 12 गेंदों में नाबाद 29 रन जोड़कर टीम का स्कोर 20 ओवर में 6 विकेट पर 167 रन तक पहुंचाया।
कानपुर सुपरस्टार्स 160 रन पर सिमटी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर सुपरस्टार्स की टीम ने तेज शुरुआत की, लेकिन मध्यक्रम में लगातार विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई।प्रयांशु पांडेय, आदर्श सिंह और अभिषेक पांडेय ने टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन काशी रुद्रास के गेंदबाजों ने वापसी करते हुए मैच को रोमांचक बना दिया।
अंतिम समय में सत्यम सांगू ने 22 गेंदों में 40 रन बनाकर जीत की उम्मीद जगाई, लेकिन काशी रुद्रास के गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा। आखिरी ओवर में कानपुर को 14 रन की जरूरत थी, लेकिन शानदार फील्डिंग और गेंदबाजी के दम पर काशी रुद्रास ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।कानपुर सुपरस्टार्स की पूरी टीम 19.4 ओवर में 160 रन पर ऑलआउट हो गई।

सम्मान समारोह में गणमान्य लोग रहे मौजूद
मैच की शुरुआत हाईकोर्ट के रिटायर्ड जस्टिस रंगनाथ पांडेय ने घंटा बजाकर की। उन्होंने कहा कि यूपी टी-20 लीग युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच दे रही है।
यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि लीग में बढ़ता रोमांच खिलाड़ियों की प्रतिस्पर्धी क्षमता को दर्शाता है।इस दौरान यूपीसीए मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम, गवर्निंग काउंसिल सदस्य संजीव कुमार सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।









