UP : सवा लाख में बिकी किशोरी, भाई से कराया निकाह! पुलिस ने दबोचा मानव तस्करी का मुख्य आरोपी !

सोनभद्र: मानव तस्करी और नाबालिगों की खरीद-फरोख्त करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सोनभद्र पुलिस ने मुख्य आरोपी अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने किशोरी को बहला-फुसलाकर अलीगढ़ ले जाकर 1.20 लाख रुपये में बेचा था और फिर अपने छोटे भाई के साथ उसकी जबरन शादी करवा दी थी।

मानव तस्करी निरोधी थाना प्रभारी रामदरश राम ने बताया कि सोनभद्र की किशोरी को पहले आगरा और फिर अलीगढ़ ले जाया गया था। पीड़िता ने न्यायालय के समक्ष अपने बयान में अमित कुमार का नाम लिया था, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। शुक्रवार रात रेलवे स्टेशन स्थित बीएसएनएल गेट के पास से उसे धर दबोचा गया।

इस मामले में पुलिस पूर्व में ही आरोपी के भाई राहुल, रामलाल, बिंदू और सोनी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। आरोपी अमित पर पहले से ही दुष्कर्म का एक मुकदमा भी दर्ज है। पुलिस की इस कार्रवाई से मानव तस्करी में शामिल गिरोहों की कमर टूट गई है। अधिकारी ने कहा कि मामले में संलिप्त हर आरोपी को कठोर सजा दिलाई जाएगी और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है।

Related Articles

Back to top button