
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने प्रदेश के लाखों अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए मुफ्त वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) की सुविधा शुरू कर दी है। 14 जुलाई से शुरू हुई यह सुविधा नए अभ्यर्थियों के साथ-साथ उन उम्मीदवारों के लिए भी उपलब्ध है, जिनके पास PET-2025 का रजिस्ट्रेशन नंबर पहले से मौजूद है। आयोग का कहना है कि इस नई OTR व्यवस्था से भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुगमता को बढ़ावा मिलेगा।
OTR के लिए क्या करना होगा?
सभी अभ्यर्थियों को OTR के दौरान अपना मोबाइल नंबर और ई-मेल का ओटीपी सत्यापन अनिवार्य रूप से कराना होगा। इसके अलावा नाम, जन्मतिथि, पता, हाईस्कूल योग्यता सहित सभी आवश्यक विवरण भरने होंगे। अभ्यर्थियों को पिछले छह माह के भीतर खींची गई रंगीन फोटो अपलोड करनी होगी, जिसका आकार 50 से 100 किलोबाइट के बीच और JPG या JPEG फॉर्मेट में होना अनिवार्य है।
हस्ताक्षर को लेकर विशेष निर्देश
आयोग ने हस्ताक्षर को लेकर बेहद अहम निर्देश जारी किया है। अभ्यर्थियों को अपने हिंदी या अंग्रेजी हस्ताक्षर के ठीक नीचे अपना नाम हिंदी में लिखना अनिवार्य होगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अंग्रेजी के कैपिटल लेटर्स में लिखे नाम मान्य नहीं किए जाएंगे। एक बार OTR नंबर जारी होने के बाद दर्ज किए गए किसी भी विवरण में संशोधन की सुविधा नहीं मिलेगी, इसलिए अभ्यर्थियों को पूरी सावधानी के साथ जानकारी भरने की सलाह दी गई है।
क्या होंगे OTR के फायदे?
OTR नंबर जारी होने के बाद भविष्य में होने वाली सभी भर्तियों के आवेदन पत्र ऑटो-फिल हो जाएंगे और अभ्यर्थियों को बार-बार अपना विवरण भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके अलावा, अभ्यर्थी अपने वैध PET स्कोरकार्ड में से सर्वाधिक अंक वाले स्कोर का उपयोग आवेदन में कर सकेंगे।









