
उत्तराखंड के नैनीताल जिले में बड़ा हादसा सामने आया है। भवाली-रामगढ़ रोड पर एक कार अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद कार में सवार दो लोग घायल हो गए, जिन्हें SDRF की टीम ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला।
कुलाकांट इलाके में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, हादसा कुलाकांट के पास हुआ, जहां चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद कार में सवार लोग वाहन के अंदर फंस गए थे।
नैनीताल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष से सूचना मिलने के बाद सब-इंस्पेक्टर मनीष भाकुनी के नेतृत्व में SDRF की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
SDRF ने घायलों को सुरक्षित निकाला
SDRF टीम ने खाई में उतरकर कार में फंसे दोनों यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे में नोएडा निवासी खरेश डुग्गल और उनकी पत्नी रितु डुग्गल को मामूली चोटें आईं। रेस्क्यू के बाद दोनों को प्राथमिक उपचार दिया गया और आगे के इलाज के लिए भवाली अस्पताल भेजा गया।
उत्तराखंड में लगातार सामने आ रहे खाई में गिरने के हादसे
इससे पहले उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में भी एक ट्रक करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गया था। इस हादसे में दो लोगों की मौत हुई थी। SDRF, NDRF, पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया था।
SDRF ने बताया कि रस्सी की मदद से टीम खाई में उतरी और दुर्घटनाग्रस्त वाहन तक पहुंचकर राहत कार्य किया।









