वैभव सूर्यवंशी ने खोला अपनी सफलता का राज, बोले- टीम को अच्छी शुरुआत देना था लक्ष्य

भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। वैभव की 81 रनों की तूफानी पारी की बदौलत भारत ने तीसरे और आखिरी टी20 मुकाबले में जिम्बाब्वे को 35 रन से हराकर सीरीज पर 3-0 से कब्जा कर लिया।

बता दे कि श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने सीरीज का पहला मुकाबला 7 विकेट से और दूसरा मैच 90 रन से जीता था। तीसरे मैच में भी भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्लीन स्वीप किया।

वैभव बने सीरीज के सबसे बड़े स्टार

भारत की जीत के हीरो रहे 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इसके अलावा उन्हें पूरी सीरीज में शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड भी मिला।

वैभव ने तीन मैचों की तीन पारियों में 50.33 की औसत और 196.10 के स्ट्राइक रेट से 151 रन बनाए। वह सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। वही सीरीज खत्म होने के बाद वैभव ने अपने गेम प्लान का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य हमेशा टीम को अच्छी शुरुआत देना और मौका मिलने पर पारी को बड़ा बनाना था।

वैभव ने बताया सफलता का राज

वैभव ने कहा कि हरारे पहुंचने के बाद शुरुआती दो-तीन दिनों में टीम की तैयारी काफी अच्छी रही। उन्होंने बताया कि वह पहले भी इस मैदान पर अंडर-19 विश्व कप खेल चुके हैं, इसलिए यहां खेलना उन्हें पसंद है। उन्होंने कहा कि कप्तान, कोच और टीम के सभी खिलाड़ियों ने उनका काफी समर्थन किया, जिससे वह काफी खुश हैं।

वैभव ने कहा, “मेरा खेल वही है जो मैं टी20 क्रिकेट में खेलता हूं। मैं टीम के लिए अच्छी शुरुआत करने की कोशिश कर रहा था। अगर शुरुआत अच्छी मिलती है तो मेरा लक्ष्य पारी को बड़ा बनाना होता है।”

अभ्यास को मैच में दोहराने की कोशिश

हरारे की परिस्थितियों को लेकर वैभव ने कहा कि वह वही शॉट खेलते हैं जिनका अभ्यास करते हैं। नेट्स में जो कुछ भी करते हैं, उसे मैच में दोहराने की कोशिश करते हैं।

भारत के लिए अपनी पहली पूरी टी20 सीरीज में मैन ऑफ द सीरीज बनने पर वैभव ने कहा कि यह उनके लिए सपने के सच होने जैसा पल है। उन्होंने कहा कि पहला मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज अवॉर्ड पाकर वह बेहद खुश हैं।

Related Articles

Back to top button