
भारतीय क्रिकेट के युवा और प्रतिभाशाली बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने कम उम्र में ही अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से दुनिया भर में अपनी एक अलग पहचान बना ली है। हालांकि टीम इंडिया में संजू सैमसन जैसे खिलाड़ियों की मौजूदगी के कारण उनकी प्लेइंग-11 में नियमित जगह को लेकर चर्चाएं रहती हैं, लेकिन विरोधी टीमें अभी से उनके नाम से सतर्क नजर आ रही हैं। आगामी अक्टूबर में होने वाले न्यूजीलैंड दौरे को लेकर अभी आधिकारिक तौर पर भारतीय टीम का ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन युवा सनसनी वैभव का चयन लगभग तय माना जा रहा है।
बता दें, न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के हेड कोच रॉब वॉल्टर के बयानों से साफ जाहिर होता है कि कीवी खेमे में इस 15 वर्षीय बल्लेबाज का खौफ किस हद तक है। सीरीज शुरू होने से पहले ही कोच वॉल्टर ने वैभव को एक प्रकार की चुनौती देते हुए कहा कि वह उन्हें न्यूजीलैंड की तेज और उछाल भरी पिचों पर खेलते देखना चाहते हैं। उन्होंने माना कि आईपीएल जैसे बड़े मंच पर दुनिया के दिग्गज गेंदबाजों की धुलाई करने वाला यह खिलाड़ी बेहद शानदार है, लेकिन असली चुनौती बदलती परिस्थितियों और विदेशी कंडीशंस के हिसाब से खुद को ढालने की होती है।
कोच वॉल्टर ने यह भी कहा कि एक कोच के रूप में वह अपने खिलाड़ियों को दबाव की स्थिति में परखना चाहते हैं। हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि अगर किसी वजह से वैभव नहीं भी खेलते हैं, तो भी भारतीय टीम के पास उनसे भी बढ़कर कई बेहतरीन विकल्प मौजूद हैं। बहरहाल, इस बयान से यह साफ हो गया है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस युवा खिलाड़ी की चर्चा जोरों पर है और विरोधी टीमें उनकी काबिलियत का पूरा लोहा मान रही हैं।









