
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली मैदान पर हों या मैदान के बाहर, वह हमेशा मीडिया की सुर्खियों में बने रहते हैं। क्रिकेट मैच के दौरान भी कैमरा लगातार उनकी एक्टिविटी पर नजर बनाए रखता है—चाहे वह विकेट गिरने के बाद उनका आक्रामक सेलिब्रेशन हो या मैदान पर उनकी मस्ती। फैंस के बीच कोहली को लेकर दीवानगी एक अलग ही लेवल पर है, लेकिन क्या विराट कोहली खुद ऐसी लाइमलाइट वाली जिंदगी जीना चाहते हैं? इस बात को लेकर इंग्लैंड के क्रिकेटर लियाम लिविंग्स्टन ने एक बड़ा और चौंकाने वाला दावा किया है। लिविंग्स्टन आईपीएल में आरसीबी (RCB) के लिए खेलते हुए कोहली के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर कर चुके हैं।
ड्रेसिंग रूम में कैसे हैं विराट कोहली?
पूर्व इंग्लिश कप्तान माइकल वॉन ने अपने एक पॉडकास्ट में लियाम लिविंग्स्टन से सवाल पूछा कि “विराट कोहली ड्रेसिंग रूम में कैसे होते हैं?” इस पर लिविंग्स्टन ने कोहली की तारीफ करते हुए कहा, “वह कमाल के थे। मैंने हमेशा विराट के खिलाफ खेला था, वह हमेशा हंसते रहते हैं। अगर कोई उन पर तंज कसता है, तो वह उसका जवाब जरूर देते हैं। ग्राउंड पर वह बहुत ही प्रतिस्पर्धी (कॉम्पिटिटिव) होते हैं।”
मैदान के बाहर बिल्कुल अलग हैं किंग कोहली
लिविंग्स्टन ने विराट के दूसरे पहलू का जिक्र करते हुए आगे कहा, “जैसे ही कोहली ग्राउंड के बाहर जाते हैं, वह बिल्कुल अलग इंसान बन जाते हैं। क्रिकेट से दूर, वह बहुत शांत और प्यारे व्यक्ति हैं, जिन्हें अपने परिवार के साथ समय बिताना बहुत अच्छा लगता है। वह बहुत ही शांत स्वभाव के हैं।”
लिविंग्स्टन ने कोहली की प्राइवेसी और भारत में उनकी लोकप्रियता पर बात करते हुए कहा, “जिस तरह की जिंदगी वह भारत में जीते हैं, शायद वह वैसी जिंदगी खुद नहीं चाहते। वह यह बिल्कुल नहीं चाहते कि हमेशा ही सभी की नजरें उन पर टिकी रहें। वह एक बहुत अच्छे व्यक्ति हैं, लेकिन मैदान पर उतरते ही सबसे ज्यादा प्रतिस्पर्धी बन जाते हैं।”
क्या इसी वजह से इंग्लैंड शिफ्ट हुए विराट?
विराट कोहली को लेकर अक्सर यह कहा जाता है कि वह अपने परिवार के साथ अब इंग्लैंड शिफ्ट हो गए हैं। लियाम लिविंग्स्टन के इस बयान के बाद इस चर्चा को और बल मिलता है। इसके पीछे का मुख्य कारण भी यही बताया जाता है कि अत्यधिक लोकप्रियता के कारण वह भारत में खुलकर नहीं रह पाते हैं और यहां वह सड़कों पर उस तरह आज़ादी से नहीं घूम सकते, जैसे वह इंग्लैंड में घूम सकते हैं।









