सैकड़ों किलोमीटर दूर से आए परीक्षार्थियों के लिए फरिश्ता बने विवेक मौर्य, मुफ्त रहने-खाने का किया इंतजाम

नारायण फाउंडेशन ने अंबेडकरनगर में पुलिस भर्ती के अभ्यर्थियों के लिए खोले अपने दरवाजे, एसी कमरों से लेकर आवागमन तक की मुफ्त व्यवस्था; परीक्षार्थी बोले- घर जैसा माहौल मिला, परीक्षा का तनाव हुआ कम

अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा देने दूर-दराज से आए सैकड़ों युवाओं के लिए भाजपा नेता और समाजसेवी विवेक मौर्य किसी मसीहा से कम साबित नहीं हुए। मौर्य के संरक्षण वाली संस्था नारायण फाउंडेशन ने 8 से 10 जून तक होने वाली आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती परीक्षा-2025 के उन तमाम अभ्यर्थियों के लिए मुफ्त आवास, भोजन और आवागमन का पूरा इंतजाम किया, जिनका परीक्षा केंद्र अंबेडकरनगर में पड़ा था। परीक्षार्थियों ने इस पहल की जमकर सराहना की।

एसी कमरे, बढ़िया खाना और सुरक्षित माहौल

नारायण फाउंडेशन की ओर से यह सेवा टांडा के मौर्य नगर स्थित दयानंद मौर्य मैरिज लॉन में दी गई। यहां अभ्यर्थियों के ठहरने के लिए एसी कमरे, साफ-सुथरे शौचालय और बेहतरीन भोजन की व्यवस्था की गई। इतना ही नहीं, परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए वाहनों का भी प्रबंध किया गया ताकि किसी को कोई परेशानी न हो। विवेक मौर्य का कहना है कि इसका एकमात्र उद्देश्य यही है कि बाहरी जिलों से आने वाले गरीब और मेधावी छात्र परीक्षा से पहले तनावमुक्त रहें और उनका पूरा ध्यान सिर्फ पेपर पर लगे।

‘जितनी तारीफ करें, कम है’

गोरखपुर और अमेठी से आए परीक्षार्थी शिवम राजभर और अनिल गौतम ने बताया, “परीक्षा के वक्त सबसे बड़ी चिंता रुकने और खाने की होती है। होटल फुल होते हैं और भटकना पड़ता है। यहां हमें बिना किसी खर्च के शानदार ठहरने की जगह, खाना और पढ़ाई का माहौल मिला।” वहीं, बाराबंकी और सुल्तानपुर से आईं छात्रा सुनीता वर्मा और शिवानी यादव ने कहा, लड़कियों के लिए सुरक्षा सबसे बड़ा मसला होता है। यहां हमें घर जैसा सुरक्षित माहौल मिला। एसी रूम, साफ बाथरूम और अच्छा खाना देखकर परीक्षा की सारी घबराहट खत्म हो गई।

बीते सालों से जारी है सेवा का सिलसिला

विवेक मौर्य और नारायण फाउंडेशन का यह प्रयास कोई पहली बार नहीं है। पिछले कई वर्षों से अंबेडकरनगर में जब भी किसी बड़ी प्रतियोगी परीक्षा का केंद्र बनता है, यह संस्था गरीब और जरूरतमंद छात्रों के लिए इसी तरह मुफ्त सुविधाएं मुहैया कराती है। छात्रों का कहना है कि समाज में शिक्षा को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में यह सेवा निश्चित रूप से एक प्रेरणादायी मिसाल है।

Related Articles

Back to top button