“हम प्लेऑफ में जाने के हकदार नही”, दिल्ली से मिली हार के बाद अपनी ही टीम पर फूटा कप्तान रियान पराग का गुस्सा

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मिली करारी शिकस्त के बाद राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग अपनी ही टीम पर जमकर बरसे हैं। प्लेऑफ की ...

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मिली करारी शिकस्त के बाद राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग अपनी ही टीम पर जमकर बरसे हैं। प्लेऑफ की रेस में मजबूत दिख रही राजस्थान के इस खराब प्रदर्शन ने कप्तान को बेहद निराश किया है। मैच के बाद रियान पराग ने दो टूक शब्दों में कहा कि अगर टीम का खेल ऐसा ही रहा, तो वह टॉप-4 (प्लेऑफ) में जगह बनाने की बिल्कुल भी हकदार नहीं है। इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान द्वारा दिए गए 194 रनों के लक्ष्य को 19.2 ओवरों में ही आसानी से हासिल कर लिया।

बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी और फील्डिंग भी रही फ्लॉप

कप्तान पराग के अनुसार, राजस्थान की टीम 14 ओवर तक बेहद मजबूत स्थिति में थी और एक बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रही थी। लेकिन उनके आउट होते ही बल्लेबाजी की रफ्तार पूरी तरह थम गई। पराग ने माना कि पिच को देखते हुए टीम को कम से कम 220 से 230 रन बनाने चाहिए थे, लेकिन पीछे के बल्लेबाज मोमेंटम को बरकरार नहीं रख सके। इसके बाद टीम की बेहद लचर गेंदबाजी और खराब फील्डिंग ने रही-सही कसर पूरी कर दी। पराग ने नाराजगी जताते हुए कहा कि आईपीएल जैसी बड़ी लीग में ऐसी खराब फील्डिंग के साथ कोई भी टीम ट्रॉफी जीतने की उम्मीद नहीं कर सकती।

फैसलों का बचाव और प्लेऑफ की राह

मैच के दौरान डोनोवन फरेरा को गेंदबाजी देने के फैसले पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए कप्तान ने कहा कि क्रीज पर दो बाएं हाथ के बल्लेबाज होने के कारण उन्होंने यह जोखिम लिया था; भले ही यह रणनीति फेल रही, लेकिन मैच में ऐसे मौके लेने पड़ते हैं। अब प्लेऑफ के लिए दूसरी टीमों पर निर्भर होने की स्थिति पर पराग ने साफ किया कि वह दूसरों के भरोसे रहने वाली कप्तानी पर विश्वास नहीं करते। उन्होंने कहा कि टीम के पास खुद के दम पर क्वालीफाई करने का शानदार मौका था, जिसे उन्होंने गंवा दिया। अब अगले दो मैचों में दमदार वापसी करना ही उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

Related Articles

Back to top button