
नई दिल्ली: देश भर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून ने तय समय से करीब 9 दिन की देरी से केरल में दस्तक दे दी है। पहले इसके 26 मई को पहुंचने का अनुमान था, जबकि आमतौर पर यह 1 जून तक केरल पहुंचता है। मानसून के आगमन के साथ ही देश के कई राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं, जिसके चलते अगले कुछ दिनों तक बारिश, आंधी और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने ओडिशा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली और तेलंगाना समेत देश के 24 राज्यों में अलर्ट जारी किया है।
दक्षिण भारत में भारी बारिश और राज्यों के लिए अलर्ट
केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के कई इलाकों में अगले सात दिनों तक भारी बारिश की आशंका जताई गई है। केरल के कई हिस्सों में जारी तेज बारिश को देखते हुए अलप्पुझा, कोट्टायम और एर्नाकुलम जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां 11 से 20 सेंटीमीटर तक बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा उत्तर और मध्य भारत के राज्यों जैसे राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में प्री-मानसून एक्टिव है। क्यूम्युलोनिम्बस (CB) बादलों के कारण इन क्षेत्रों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली कड़कने और आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की चेतावनी है। दिल्ली में अगले दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। दूसरी तरफ, मौसम में इस बदलाव के बाद भी गुजरात, पश्चिमी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और तमिलनाडु के कई इलाकों में तापमान अब भी 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है।
5 और 6 जून का मौसम अपडेट
मौसम विभाग के मुताबिक, 5 जून को राजस्थान, गुजरात, पश्चिमी मध्य प्रदेश, ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में आंधी-तूफान को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं अंडमान-निकोबार, केरल, कर्नाटक, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में शनिवार तक तेज बारिश तथा जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मध्य महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की संभावना है। 6 जून को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर के राज्यों (असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा) में भी बारिश और आंधी-तूफान की गतिविधियां बनी रहेंगी। मौसम विभाग ने प्रभावित इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।









