
लखनऊ: यूपी टी-20 सीजन-4 के फाइनल मुकाबले में आज लखनऊ फाल्कन्स और मेरठ मावेरिक्स की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों के बीच खिताबी जंग लखनऊ के इकाना स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेली जाएगी। इस मुकाबले में क्रिकेट फैंस की नजरें दो अनुभवी और चर्चित खिलाड़ियों पर भी रहेंगी। लखनऊ फाल्कन्स की कमान भुवनेश्वर कुमार के हाथों में है, जबकि मेरठ मावेरिक्स की कप्तानी रिंकू सिंह कर रहे हैं।
लखनऊ फाल्कन्स के लिए यह फाइनल मुकाबला बेहद खास है, क्योंकि टीम पहली बार यूपी टी-20 के फाइनल में पहुंची है। ऐसे में उसकी नजर अपने पहले ही फाइनल में ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचने पर होगी। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताबी मुकाबले में जगह बनाई है।
दूसरी ओर मेरठ मावेरिक्स का अनुभव लखनऊ के लिए बड़ी चुनौती होगा। मेरठ की टीम लगातार चौथी बार यूपी टी-20 के फाइनल में पहुंची है। टीम इससे पहले भी खिताबी मुकाबले तक पहुंच चुकी है और अब उसकी कोशिश चौथे प्रयास में ट्रॉफी अपने नाम करने की होगी।
फाइनल में भुवनेश्वर कुमार और रिंकू सिंह की कप्तानी की भी परीक्षा होगी। दोनों ही टीमों के खिलाड़ी बड़े मुकाबले में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं। इकाना स्टेडियम में होने वाले इस हाई-वोल्टेज मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। अब देखना होगा कि पहली बार फाइनल खेल रही लखनऊ बाजी मारती है या लगातार चौथी बार फाइनल में पहुंची मेरठ ट्रॉफी अपने नाम करती है।









