
नई दिल्ली: दिग्गज पहलवान और बीजेपी नेता बबीता फोगाट के घर खुशियों का आगमन हुआ है। बबीता फोगाट ने मंगलवार को शिवरात्रि के शुभ अवसर पर बेटी को जन्म दिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी साझा की और इसे मां पार्वती का स्वरूप बताया।
बबीता फोगाट ने अपनी बेटी के जन्म को अनमोल आशीर्वाद बताया। उन्होंने लिखा कि महादेव की कृपा से शिवरात्रि के पावन अवसर पर उनके जीवन में एक नन्ही परी का आगमन हुआ है। उन्होंने कहा कि बेटी के आने की खुशी को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता और उन्होंने अपनी नवजात बेटी के लिए लोगों से आशीर्वाद मांगा।
यह बबीता फोगाट और उनके पति विवेक सुहाग की दूसरी संतान है। इससे पहले जनवरी 2021 में दंपति ने अपने पहले बच्चे के रूप में बेटे का स्वागत किया था।
बबीता फोगाट ने साल 2019 में विवेक सुहाग से शादी की थी। कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली बबीता को उनकी खेल उपलब्धियों के लिए देशभर में पहचान मिली। उनकी जिंदगी से प्रेरित होकर बॉलीवुड फिल्म ‘दंगल’ में भी एक किरदार दिखाया गया था।









