यूट्यूब से कमाई का सपना देखने वालों के लिए बड़ा झटका, मोनेटाइजेशन के लिए अब दोगुनी मेहनत जरूरी!

नई दिल्ली। यूट्यूब आज के दौर में सिर्फ मनोरंजन का जरिया नहीं, बल्कि लाखों लोगों की आमदनी का बड़ा साधन बन चुका है। लेकिन अगर आप भी कंटेंट क्रिएटर बनकर पैसे कमाने का सपना देख रहे हैं, तो आपको अपनी तैयारी दोगुनी करनी होगी। दरअसल, यूट्यूब ने अपने पार्टनर प्रोग्राम (YPP) की शर्तों में बड़ा बदलाव करते हुए मोनेटाइजेशन के नियमों को पहले से कहीं ज्यादा सख्त कर दिया है। कंपनी के मुताबिक, यह नई पॉलिसी 1 फरवरी 2027 से पूरी तरह लागू हो जाएगी।

मोनेटाइजेशन के लिए अब दोगुनी शर्तें

यूट्यूब से कमाई शुरू करने के लिए चैनल का मोनेटाइज होना सबसे पहली सीढ़ी है। अब तक नए क्रिएटर्स को एक साल के भीतर 4,000 घंटे का वॉच टाइम पूरा करना होता था, लेकिन नई पॉलिसी के तहत इस आंकड़े को सीधा दोगुना करके 8,000 घंटे कर दिया गया है। वहीं, शॉर्ट वीडियो बनाने वालों के लिए भी लक्ष्य बढ़ा दिया गया है, पहले जहां 90 दिनों में 1 करोड़ शॉर्ट्स व्यूज की जरूरत होती थी, अब उसे बढ़ाकर 2 करोड़ व्यूज कर दिया गया है।

पुराने क्रिएटर्स को घबराने की जरूरत नहीं

इस बदलाव की खबर से उन लोगों के मन में सवाल उठना लाजमी है जो पहले से यूट्यूब से कमाई कर रहे हैं। लेकिन कंपनी ने साफ कर दिया है कि इस नए नियम का उन पर कोई असर नहीं पड़ेगा जो पहले से यूट्यूब पार्टनर प्रोग्राम का हिस्सा हैं। यह नई शर्तें सिर्फ उन्हीं पर लागू होंगी, जो भविष्य में इस प्रोग्राम में शामिल होना चाहते हैं।

शॉर्ट्स क्रिएटर्स के लिए नई मुश्किल

शॉर्ट्स वीडियो के जरिए कमाई करने वालों के लिए एक और सख्त शर्त जोड़ी गई है। नए नियमों के मुताबिक, अगर आप शॉर्ट्स से विज्ञापन और सब्सक्रिप्शन का रेवेन्यू शेयरिंग जारी रखना चाहते हैं, तो आपको हर 90 दिन में यह साबित करना होगा कि आपके चैनल पर 1 करोड़ व्यूज आ रहे हैं।

अगर कोई क्रिएटर इस लक्ष्य से चूक जाता है, तो उसे पार्टनर प्रोग्राम से बाहर तो नहीं निकाला जाएगा, लेकिन उसकी कमाई तब तक रोक दी जाएगी जब तक वह दोबारा 1 करोड़ व्यूज का आंकड़ा पार नहीं कर लेता। हालांकि, कंपनी ने कम व्यूज वालों के लिए यूट्यूब शॉपिंग बोनस, ब्रांड डील्स और नए ट्रेंड को बढ़ावा देने वालों के लिए कमाई के कुछ नए रास्ते भी सुझाए हैं।

सिर्फ व्यूज से काम नहीं चलेगा

डिजिटल दुनिया में कमाई के तरीके तेजी से बदल रहे हैं। सिर्फ यूट्यूब ही नहीं, बल्कि एक्स और फेसबुक जैसे बड़े प्लेटफॉर्म भी अपनी क्रिएटर इकोनॉमी को नए सिरे से गढ़ रहे हैं। हाल ही में एक्स ने अपने पेआउट सिस्टम में ओरिजिनल कंटेंट को तरजीह देना शुरू किया है, जबकि फेसबुक ने क्रिएटर्स के लिए अपना नया मोनेटाइजेशन प्रोग्राम पेश किया है।

इन सबका सीधा संकेत है कि अब महज व्यूज के भरोसे टिके रहना मुश्किल होगा। आने वाले वक्त में नए क्रिएटर्स को दर्शकों के साथ गहरा जुड़ाव और पूरी तरह ओरिजिनल कंटेंट पर फोकस करना होगा, तभी वे इस बदलते डिजिटल माहौल में टिक पाएंगे।

Related Articles

Back to top button