CA इंटरमीडिएट परीक्षा में मेरठ की परी जैन बनीं जिला टॉपर, अतुल सिंह को दूसरा स्थान

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की ओर से सीए इंटरमीडिएट मई 2026 की परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। इस बार के नतीजों ने मेरठ के छात्र-छात्राओं और उनके परिवारों के लिए जश्न का मौका ला दिया है। मेरठ जिले में परी जैन ने असाधारण प्रदर्शन करते हुए पूरे जिले में पहला स्थान हासिल किया है। परी जैन को कुल 600 अंकों में से 434 अंक मिले हैं, जो उनकी कड़ी मेहनत और लगन का परिणाम है।

आइसीएआइ मेरठ ब्रांच के सह अध्यक्ष सीए शशांक गुप्ता और सचिव सीए विशु शर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि इस बार सीए इंटरमीडिएट की परीक्षा में मेरठ जिले से कुल 290 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया था। बेहद कठिन मानी जाने वाली इस परीक्षा में जिले के 39 छात्र-छात्राओं ने सफलता का परचम लहराया है।

मेरठ के होनहारों ने बढ़ाई जिले की शान
CICASA अध्यक्ष सीए आशीष अनेजा और कार्यकारी सदस्य सीए ज्ञाति गुप्ता ने बताया कि जिले की मेरिट लिस्ट में 434 अंकों के साथ परी जैन प्रथम स्थान पर रहीं, जबकि 320 अंक पाकर अतुल सिंह ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा मेरठ जिले से प्रियांशी गुप्ता, अक्षत गुप्ता, नील ऐरन, भव्या जैन, विदुषी कपूर और तन्वी सिंह ने भी सीए इंटरमीडिएट की परीक्षा को सफलतापूर्वक पास कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

अगर राष्ट्रीय स्तर की बात करें, तो इस परीक्षा में शार्दुल शेखर ने देश भर में पहला स्थान हासिल किया है। शार्दुल ने 600 में से कुल 531 अंक प्राप्त कर सर्वोच्च स्थान झटका। मेरठ में परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद से ही सफल छात्रों के घरों और मेरठ ब्रांच में मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया जा रहा है। मेरठ ब्रांच के पदाधिकारियों ने सभी पास हुए छात्र-छात्राओं को उनकी इस बड़ी सफलता पर बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Related Articles

Back to top button