
दिल्ली के राजेंद्र नगर इलाके में 19 वर्षीय BSc नर्सिंग की छात्रा की हॉस्टल कमरे में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार 21 अगस्त को छात्रा की मौत की सूचना राजेंद्र नगर थाने को मिली, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतका नजफगढ़ की रहने वाली थी और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। पुलिस ने बताया कि छात्रा ने कथित तौर पर हॉस्टल कमरे में आत्महत्या की है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ क्राइम टीम को भी मौके पर बुलाया गया और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
वहीं, सर गंगा राम अस्पताल प्रशासन ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि वह इस मामले से “गहराई से स्तब्ध और चिंतित” है। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग दिया जा रहा है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
अस्पताल ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की सही परिस्थितियां स्पष्ट हो पाएंगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की जानकारी का इंतजार है।









