
अगर आप भी आगरा में ताजमहल का दीदार करने की सोच रहे हैं तो, अब आपको अपनी जेब और ढीली करनी होगी। क्योंकि अब यमुना एक्सप्रेस का सफर एक अक्टूबर से महंगा होने वाला है। खबर है कि, यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने यमुना एक्सप्रेस-वे की टोल दरों में वृद्धि करने का फैसला लिया है। जो की आने वाले 1 अक्टूबर से लागू हो जाएगी। मिली जानकारी के अनुसार, यमुना प्राधिकरण के तरफ से टोल की दरों में चार प्रतिशत तक वृद्धि की गई है।
बता दें, इससे पहले साल 2022 के मार्च में प्राधिकरण के तरफ से टोल की दरों मे 12 प्रतिशत तक का इजाफा किया गया था। दरअसल, गुरुवार को हुई प्राधिकरण बोर्ड की 82वीं बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इस दौरान और भी कई बड़े प्रस्ताव मंजूर किए गए हैं।
यहां जानें कितनी होंगी टोल की नई दरें
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अब ग्रेटर नोएडा से आगरा तक जाने के लिए कार चालकों को 295 रुपये तक का टोल देना होगा। इससे पहले चार पहिया से चलने वाले चालकों को 270 रुपये का टोल देना पड़ता था। वहीं, इस वृद्धि के बाद अब बस चालकों को 935 रुपये का टोल भरना पड़ेगा। इससे पहले उन्हें 895 रुपये का टोल भरना पड़ता था। बात करें अगर भारी वाहनों की तो अब उन्हें 1760 रूपए की जगह 1835 रुपये का टोल देना पड़ेगा।
गौरतलब है कि, यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण की तरफ से टोल में हुई इस बढ़ोतरी से उन यात्रियों को जेब हल्का करना पड़ेगा जो कार या बस से यमुना एक्सप्रेसवे पर रोजाना सफर करते हैं। हालांकि, यमुना अथॉरिटी का दावा है कि इससे यात्रियों पर ज्यादा बोझ नहीं पड़ने वाला है।









