
Lucknow : सरोजनीनगर में आयोजित ग्रैंड मेगा शो में रैपर किंग Yo Yo Honey Singh ने लखनऊ के फैंस के साथ धूम मचाई। स्मृति उपवन में हुए इस कार्यक्रम में करीब 35 हजार से अधिक लोग शामिल हुए। शो का आयोजन सरोजनीनगर विधायक राजेश्वर सिंह ने किया था, और इस दौरान “No Drugs, No Nasha” का राष्ट्रव्यापी संदेश भी दिया गया।

शो में हनी सिंह ने अपने हिट गाने और रिमिक्स के जरिए युवाओं को झूमने पर मजबूर किया और नशे की लत से दूर रहने की सलाह दी। मंच पर उन्होंने कहा कि नशे से दूर रहना ही जीवन में आगे बढ़ने की कुंजी है। कार्यक्रम की शुरुआत में विधायक राजेश्वर सिंह ने हनी सिंह का स्वागत किया और उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
हनी सिंह ने अपने गानों के साथ फैंस को मंत्रमुग्ध कर दिया। विशेषकर उनके गीत “धीरे धीरे से मेरी जिंदगी में आना” पर विधायक राजेश्वर सिंह और हजारों दर्शक साथ में थिरकते दिखे। फैंस ने गानों पर जमकर नाचने के साथ वीडियो और सेल्फी भी खिंचवाई।

कॉन्सर्ट के लिए टिकट नहीं थे, केवल 25 हजार पास जारी किए गए थे, लेकिन हजारों लोग प्रवेश न मिलने के बावजूद बाहर खड़े होकर कार्यक्रम देखने की कोशिश करते रहे। स्मृति उपवन के चारों ओर वाहनों की लंबी कतारें और कार्यक्रम के बाद सड़कों पर भारी जाम देखने को मिला। यह शो न सिर्फ मनोरंजन का, बल्कि सामाजिक संदेश देने का भी माध्यम बना। हनी सिंह ने युवा पीढ़ी को प्रेरित किया कि जीवन में उठना और नशे से दूर रहना ही सफलता की दिशा है।








