भगत सिंह को नजरअंदाज करने पर सियासत पर CM मान का हमला, कहा- अगर पहले PM होते तो बदल जाती देश की तस्वीर

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शहीद-ए-आज़म भगत सिंह के शहीदी दिवस पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि अगर भगत सिंह देश के पहले प्रधानमंत्री होते तो भारत की तस्वीर अलग होती।

शहीद-ए-आज़म भगत सिंह के शहीदी दिवस पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने विपक्ष और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि देश में कई नेताओं के नाम पर भव्य स्मारक बनाए गए, लेकिन भगत सिंह जैसे महान क्रांतिकारी को लंबे समय तक नजरअंदाज किया गया।

मुख्यमंत्री मान ने कहा कि अगर भगत सिंह भारत के पहले प्रधानमंत्री होते तो देश की दिशा और दशा पूरी तरह अलग होती। उन्होंने यह भी कहा कि अगर आज़ादी के बाद देश की बागडोर युवाओं को सौंप दी जाती, तो भारत आज वैश्विक स्तर पर अग्रणी देशों में शामिल होता।

राजनीति पर तीखा हमला
जनसभा को संबोधित करते हुए CM मान ने कहा कि जिन्होंने आज़ादी के संग्राम में कुछ नहीं खोया, वे आज दावा करते हैं कि देश 2014 में ही आज़ाद हुआ। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग देश को अपने आदेशों पर चलाना चाहते हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।

शहीदों के सम्मान पर जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी सरकार ने मोहाली एयरपोर्ट का नाम शहीद भगत सिंह के नाम पर रखने के लिए केंद्र से संघर्ष किया। साथ ही हलवारा एयरपोर्ट का नाम करतार सिंह सराभा के नाम पर रखने के लिए बातचीत जारी है।

हुसैनीवाला विरासत प्रोजेक्ट का शिलान्यास
इस मौके पर CM मान ने 24.99 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ‘हुसैनीवाला विरासत’ प्रोजेक्ट का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की याद को हमेशा जीवित रखेगा।

शिक्षा और रोजगार पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार शिक्षा को प्राथमिकता दे रही है और अब तक 65,000 सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। उन्होंने 10 लाख रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा की योजना का जिक्र करते हुए कहा कि अब पंजाब के लोगों को इलाज के लिए पैसों की चिंता नहीं करनी पड़ेगी।

शहीदों के सपनों का पंजाब बनाने का संकल्प
CM मान ने कहा कि शहीदों की कुर्बानी हमें अन्याय के खिलाफ लड़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने वोट का सही इस्तेमाल करें, क्योंकि यह अधिकार शहीदों की कुर्बानी से मिला है।

उन्होंने कहा कि आजादी के 75 साल बाद भी देश गरीबी, बेरोजगारी और अशिक्षा जैसी समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन उनकी सरकार इन चुनौतियों से निपटने के लिए लगातार काम कर रही है।

पंजाब के योगदान का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आबादी का केवल 2% होने के बावजूद, आजादी के संग्राम में 80% शहीद पंजाब से थे। उन्होंने कहा कि पंजाब ने देश की एकता और अखंडता के लिए हमेशा बड़ी कुर्बानियां दी हैं।

अंत में CM मान ने कहा कि उनकी सरकार शहीद-ए-आज़म भगत सिंह के सपनों को साकार करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और पंजाब को एक खुशहाल और अग्रणी राज्य बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button