
IPL 2026 की शुरुआत से ठीक पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को एक और बड़ा झटका लगा है। टीम के तेज गेंदबाज यश दयाल पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। इस बात की पुष्टि खुद RCB के डायरेक्टर मो बोबाट ने की है। इससे पहले भी टीम को जोश हेजलवुड के रूप में नुकसान उठाना पड़ा था, जो शुरुआती मैचों के लिए उपलब्ध नहीं हैं।
पर्सनल वजहों से लिया फैसला
RCB के डायरेक्टर मो बोबाट ने जानकारी देते हुए बताया कि यश दयाल इस सीजन टीम के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। उन्होंने निजी कारणों का हवाला देते हुए IPL 2026 से बाहर रहने का फैसला किया है। हालांकि फ्रेंचाइजी की ओर से अभी तक उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया गया है, जिससे टीम की गेंदबाजी संयोजन पर सवाल खड़े हो गए हैं।
पिछले सीजन में किया था शानदार प्रदर्शन
यश दयाल ने पिछले सीजन RCB के लिए प्रभावशाली गेंदबाजी की थी। उन्होंने 13 विकेट लेकर टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई थी। ऐसे में उनका बाहर होना टीम के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है।
पहले से ही उठ रहे थे सवाल
दरअसल, यश दयाल IPL 2026 से पहले RCB के ट्रेनिंग कैंप में नजर नहीं आए थे, जिसके बाद से ही उनके खेलने को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं। हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुई RCB टीम बस की तस्वीरों में भी उनका चेहरा नहीं दिखा, जिससे उनकी अनुपस्थिति को लेकर चर्चा और तेज हो गई थी। अब फ्रेंचाइजी ने आधिकारिक रूप से उनकी गैरमौजूदगी की पुष्टि कर दी है।
28 मार्च को RCB बनाम SRH मुकाबला
IPL 2026 का पहला मुकाबला 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। यह मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगा। डिफेंडिंग चैंपियन RCB इस सीजन अपने खिताब को बचाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी, लेकिन उससे पहले टीम को लगातार मिल रहे झटके चिंता का विषय बनते जा रहे हैं।









