
दिल्ली-एनसीआर (10 अप्रैल): दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। वहीं, मौसम विभाग ने यूपी, बिहार समेत आठ राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वोत्तर भारत में अगले पांच दिनों तक आंधी-तूफान और बिजली कड़कने के साथ हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। इस दौरान अरुणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।
आंधी-बारिश का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 10 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और अरुणाचल प्रदेश के कई जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई है। इन राज्यों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
बर्फबारी की संभावना
10 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में आंधी-बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात के साथ बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश
मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर भारत के राज्यों असम, सिक्किम, त्रिपुरा, नागालैंड, मिजोरम, मणिपुर, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में अगले चार दिनों तक गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में मौसम में कोई विशेष बदलाव नहीं देखा जाएगा। अगले एक सप्ताह तक आसमान में हल्के बादलों के बीच सूरज की लुकाछिपी जारी रहेगी। दिन में धूप और बादलों के बीच गर्मी से राहत मिलेगी, हालांकि दिल्ली-एनसीआर का तापमान धीरे-धीरे बढ़ सकता है।









