Chhattisgarh: जशपुर में बड़ा विमान हादसा, पहाड़ से टकराकर प्राइवेट प्लेन क्रैश, पायलट और को- पायलट की मौत की आशंका…

छत्तीसगढ़ के जशपुर में प्राइवेट विमान पहाड़ से टकराकर क्रैश हो गया, जिसमें पायलट और को-पायलट की मौत की आशंका जताई जा रही है।

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक बड़ा विमान हादसा सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। नारायणपुर क्षेत्र के आरा पहाड़ के पास एक प्राइवेट विमान अचानक नियंत्रण खोकर पहाड़ से टकरा गया और भीषण रूप से क्रैश हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में पायलट और को-पायलट की मौत की आशंका जताई जा रही है।

बता दें, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके के लिए रवाना हो गईं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) भी घटनास्थल पहुंचे, ताकि स्थिति का जायजा लिया जा सके और राहत कार्यों की निगरानी की जा सके।

बता दें, हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में पहाड़ से उठती आग की ऊंची लपटें देखी जा सकती हैं, जो इस दुर्घटना की भयावहता को साफ तौर पर दर्शाती हैं।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि विमान में केवल पायलट और को-पायलट ही सवार थे या अन्य यात्री भी मौजूद थे। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू करने की तैयारी कर ली है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

स्थानीय प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और जल्द ही विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button