
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में नगर निगम ने जिला कोर्ट परिसर के आसपास अवैध रूप से बनाए गए चैंबरों और दुकानों पर बड़ी कार्रवाई की है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद यह बुलडोजर एक्शन चलाया गया, जिसमें 240 अवैध कब्जों को हटाया जा रहा है।
नगर निगम की टीम ने भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर यह कार्रवाई शुरू की। मौके पर नगर निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे। हालांकि, इस कार्रवाई का वकीलों ने जमकर विरोध किया।
पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच झड़प
कार्रवाई का विरोध कर रहे वकीलों और पुलिस के बीच कई बार झड़प की स्थिति बनी। विरोध प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं पर पुलिस ने लाठियाँ फटकारीं और उन्हें खदेड़ दिया। इस दौरान कुछ वकीलों को दौड़ाते हुए भी देखा गया। वकील लगातार इस बुलडोजर कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं और इसे गलत बता रहे हैं।
गौरतलब है कि यह कार्रवाई हाईकोर्ट के आदेश के बाद की जा रही है, जिसमें अवैध निर्माणों को हटाने का निर्देश दिया गया था। फिलहाल, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और बुलडोजर एक्शन जारी है।









