यूपी में दिल दहला देने वाला हादसा: हाईवे पर ट्रक और मैजिक की जोरदार भिड़ंत, 10 मजदूरों की मौत

लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से सोमवार सुबह एक बेहद दर्दनाक और बड़ी खबर सामने आई है। यहाँ लखीमपुर-बहराइच नेशनल हाईवे 730 पर एक तेज रफ्तार ट्रक और टाटा मैजिक गाड़ी के बीच भीषण भिड़ंत हो गई। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले सड़क हादसे में मैजिक सवार सभी 10 लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं। यह दुखद घटना ईसानगर के उचगांव भरेहता रोड पर सुबह करीब आठ बजे हुई।

गांव पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें

पुलिस प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, मैजिक गाड़ी में सवार सभी यात्री मजदूर थे, जो लखीमपुर से अपनी मजदूरी का काम खत्म करके अपने गांव नानपारा (बहराइच) वापस लौट रहे थे। मैजिक गाड़ी लखीमपुर से सिसैया की तरफ जा रही थी, तभी बहराइच की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई और मैजिक के परखच्चे उड़ गए।

राहत कार्य जारी, 3 मृतकों की हुई पहचान

हादसे की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खमरिया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 10 लोगों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि अब तक 3 मृतकों की शिनाख्त हो चुकी है और वे सभी बहराइच के रहने वाले थे। बाकी मृतकों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

Related Articles

Back to top button