
झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी कलेक्ट्रेट परिसर में आज उस समय हड़कंप मच गया और भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब एक वकील ने अचानक खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डाल लिया। वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों की मुस्तैदी और सूझबूझ के कारण समय रहते वकील की जान बचा ली गई। इस आत्मघाती कदम के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
बता दें, पीड़ित वकील ईशान मिश्रा ने कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई है, जिससे तंग आकर उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया।
टाइपिंग विवाद के चलते हुआ हमला
वकील ईशान मिश्रा के मुताबिक, इस पूरे विवाद और हमले की मुख्य वजह कलेक्ट्रेट परिसर में होने वाला एक टाइपिंग विवाद है। पीड़ित वकील ने आरोप लगाया कि प्रमोद सेभरे, नितिन ठाकुर और राजा यादव समेत कई अन्य लोगों ने मिलकर उनके साथ मारपीट और अभद्रता की है। इन लोगों की प्रताड़ना और हमले से आहत होकर उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में ही खुद पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़क लिया।
नवाबाद थाने में तहरीर, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने बताया कि इस हाई-प्रोफाइल हंगामे और मारपीट के मामले में पीड़ित वकील की तरफ से थाना नवाबाद में आरोपियों के खिलाफ लिखित तहरीर दे दी गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और कलेक्ट्रेट परिसर के आसपास मौजूद गवाहों से पूछताछ की जा रही है।









