‘देश में आने वाला है बड़ा आर्थिक तूफान…’, रायबरेली में बोले राहुल गांधी-मुश्किल समय के लिए रहें तैयार

रायबरेली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दौरे के दौरान केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। देश की आर्थिक स्थिति पर गंभीर चिंता जताते हुए राहुल गांधी ने चेतावनी दी है कि बहुत जल्द देश में एक बड़ा ‘आर्थिक तूफान’ आने वाला है। उन्होंने कहा कि इस आर्थिक संकट से देश को बहुत बड़ी चोट लगने वाली है, लेकिन सबसे बड़ी फिक्र की बात यह है कि केंद्र सरकार के पास इससे निपटने के लिए किसी भी तरह की तैयारी नहीं है।

पीएम मोदी के विदेश दौरों पर उठाए सवाल
जनता को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के दौरों पर तंज कसा और सवाल उठाया कि आखिर “मोदी जी बार-बार विदेश क्यों जाते हैं?” उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज देश के नीति-निर्धारण में मजदूरों और किसानों की बुनियादी बात नहीं हो रही है, जबकि वे ही देश की रीढ़ हैं। राहुल गांधी ने विरोधियों पर पलटवार करते हुए कहा, “वो (भाजपा नेता) कहते हैं कि राहुल को समझ नहीं है। वे जो चाहें कहें, लेकिन मैं सिर्फ यही चाहता हूं कि सरकार देश की आम जनता, गरीबों और किसानों की रक्षा करे।”

मुश्किल समय आने की चेतावनी
कांग्रेस नेता ने साफ तौर पर कहा कि आने वाला समय देश के लिए बेहद मुश्किल भरा हो सकता है। सरकार को अपनी नीतियों में बदलाव कर आम लोगों को सुरक्षित करना चाहिए। राहुल गांधी के इस बयान के बाद एक बार फिर देश में आर्थिक नीतियों और वैश्विक मंदी के दौर में भारत की तैयारियों को लेकर सियासी बहस तेज होना तय माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button