IIMT यूनिवर्सिटी में हॉस्टल की छत से कूदकर MBA की छात्रा ने दी जान, कैंपस में मचा हड़कंप

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहाँ गंगानगर स्थित आईआईएमटी (IIMT) यूनिवर्सिटी परिसर में बुधवार सुबह एक छात्रा ने हॉस्टल की छत से कूदकर अपनी जान दे दी। मृतका की पहचान सहारनपुर की रहने वाली अनु गुप्ता के रूप में हुई है, जो यूनिवर्सिटी से एमबीए (MBA) सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रही थी। इस आत्मघाती कदम के बाद पूरे कॉलेज कैंपस में हड़कंप और दहशत का माहौल है।

सरोजनी नायडू गर्ल्स हॉस्टल के नीचे मिला शव
मिली जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे यूनिवर्सिटी के सरोजनी नायडू गर्ल्स हॉस्टल के नीचे छात्रा का लहुलूहान शव पड़ा मिला। हॉस्टल में शव मिलने की सूचना मिलते ही कॉलेज प्रशासन और सुरक्षाकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल इस घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई।

जांच में जुटी पुलिस, परिजनों को दी सूचना
सूचना पाकर स्थानीय थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस और फोरेंसिक की टीम हॉस्टल के कमरे और छत का मुआयना कर साक्ष्य जुटाने में लगी है ताकि खुदकुशी के सही कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छात्रा के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और उनके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button