
लखनऊ: उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पार्टी ने यूपी के पांच महत्वपूर्ण जिलों के लिए नए जिलाध्यक्षों के नामों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए यह नियुक्ति काफी अहम मानी जा रही है।
किसे मिली किस जिले की कमान?
पार्टी द्वारा जारी सूची के अनुसार:
- अम्बेडकरनगर: दिलीप देव पटेल
- वाराणसी: राम सकल पटेल
- चंदौली: काशीनाथ सिंह
- गोरखपुर महानगर: रमेश प्रसाद गुप्ता
- देवरिया: काली प्रसाद
मिशन 2027: जल्द आएगी नई टीम
पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी जल्द ही प्रदेश पदाधिकारियों की पूरी सूची जारी कर सकते हैं। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी अपनी नई टीम तैयार करने में जुटी है। नई कार्यकारिणी के खाके को लेकर कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं, जिसमें क्षेत्रीय इकाइयों और मोर्चों में ‘अति पिछड़ा, गैर-यादव पिछड़ा और अगड़ा वर्ग’ के बीच संतुलन साधने पर विशेष जोर दिया गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि नई टीम में लगभग 40 से 50 फीसदी नए चेहरों को मौका मिल सकता है।
पहले भी हुए थे महत्वपूर्ण बदलाव
गौरतलब है कि इससे पहले फरवरी महीने में भी पार्टी ने कई जिलों में जिलाध्यक्षों की नियुक्तियां की थीं, जिनमें शामली, अमरोहा, सहारनपुर, बागपत, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, गोंडा, अयोध्या और मीरजापुर जैसे जिले शामिल थे। संगठन को जमीन स्तर पर सक्रिय करने के लिए पार्टी लगातार इन नियुक्तियों के जरिए अपनी पकड़ मजबूत कर रही है।









