
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता गौरव भाटिया ने शुक्रवार को कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस पर देश में अराजकता फैलाने और विदेशी ताकतों के साथ मिलकर भारत को अस्थिर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को भी निशाने पर लिया।
गौरव भाटिया ने यह तक कह दिया लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी विदेशी ताकतों के इशारों पर चलते है, उनका देश के प्रति कोई जनमानस वाली सोच नहीं है, और पूरा विपक्ष इसी अजेन्ड के साथ उनके साथ कदम से कदम मिला कर चल रहा है
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गौरव भाटिया ने राहुल गांधी पर संविधान की लाल किताब लेकर चलने को लेकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि केवल ‘संविधान भारत का’ लिखी लाल किताब लेकर चलने से कुछ नहीं होता, बल्कि संविधान के प्रावधानों को समझना और उनका अध्ययन करना भी जरूरी है। उनके मुताबिक, विपक्ष का असली मकसद अराजकता फैलाना है।
‘लोकतंत्र बचाना और अराजकता हटाना हमारी जिम्मेदारी’
बीजेपी नेता ने ‘सेव डेमोक्रेसी, रिमूव एनार्की’ अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि जब विपक्ष अराजकता फैलाने और संविधान की मूल भावना को कमजोर करने का काम करता है, तब सरकार की जिम्मेदारी बनती है कि वह उसके झूठे नैरेटिव का जवाब दे।
उन्होंने कहा कि बीजेपी जनता की सेवा करने, संविधान के मूल्यों की रक्षा करने और नागरिकों को उनके संवैधानिक अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही देश के संसाधनों को नागरिकों के हित में सुरक्षित रखना भी पार्टी की प्राथमिकता है।
विपक्षी नेताओं को बताया ‘अराजकता के एजेंट’
गौरव भाटिया ने विपक्षी नेताओं पर संविधान की शपथ लेने के बावजूद उसकी मूल भावना के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि संविधान की रक्षा की शपथ लेने वाले विपक्षी नेता ही अराजकता के एजेंट बन गए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष देश में अस्थिरता का माहौल बनाने और संविधान की मूल भावना को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहा है।
इरफान अंसारी के बयान पर भी साधा निशाना
बीजेपी नेता ने झारखंड सरकार में मंत्री इरफान अंसारी के उस बयान की भी आलोचना की, जिसमें उन्होंने भारत में बांग्लादेश जैसे हालात पैदा होने की चेतावनी दी थी।
भाटिया ने कहा कि विपक्ष की ओर से यह कहना कि भारत के हालात बांग्लादेश से भी बदतर हो जाएंगे और राहुल गांधी ने युवाओं को रोका हुआ है, दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष को भारत की विकास की रफ्तार और देश में स्थिरता पसंद नहीं है।
राहुल गांधी की बहस की चुनौती पर कसा तंज
गौरव भाटिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खुली बहस करने की राहुल गांधी की चुनौती पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री के साथ शासन और राष्ट्रीय मुद्दों पर बहस करने की बात करते हैं।
इस पर तंज कसते हुए भाटिया ने कहा, ”मैंने अपनी जिंदगी में कभी किसी किंडरगार्टन के छात्र को किसी पीएचडी प्रोफेसर से यह कहते नहीं देखा कि वह उनसे बहस करेगा।”
गौरतलब है कि बीजेपी और कांग्रेस के बीच संविधान, लोकतंत्र और SIR जैसे मुद्दों को लेकर पहले से ही राजनीतिक टकराव जारी है। गौरव भाटिया के ताजा बयान ने इस सियासी बयानबाजी को और तेज कर दिया है।









