अयोध्या में शर्मसार हुआ धर्म: कथावाचक पवन देव पर शादी का झांसा देकर रेप का आरोप, पीड़िता ने बयां की कुकर्म की पूरी कहानी

अयोध्या: उत्तर प्रदेश के अयोध्या से आस्था और धर्म को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक विख्यात कथावाचक पर शादी का झांसा देकर एक युवती (महिला) को अपनी हवस का शिकार बनाने और उसके गहने हड़पने का गंभीर आरोप लगा है। जब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी अपनी बात से मुकर गया। इसके बाद पीड़ित महिला ने न्याय के लिए पुलिस का दरवाजा खटखटाया है। यह पूरा मामला बीकापुर कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जो इस समय पूरे इलाके में भारी चर्चा का विषय बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान कथावाचक पवन देव महाराज के रूप में हुई है। पीड़िता मूल रूप से बिहार के सीवान जिले की रहने वाली है, जो पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। पीड़िता ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि 10 जुलाई 2023 को बिहार के चंपारण में एक कथा का आयोजन हुआ था। इसी कथा के दौरान उसकी मुलाकात पहली बार पवन देव महाराज से हुई थी। इसके बाद कथावाचक ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया और दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया। बातचीत के दौरान आरोपी उसे अपनी तस्वीरें और वीडियो भेजता था, जिससे धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती गईं।

महिला का आरोप है कि कुछ समय बाद पवन देव बिहार के मुजफ्फरपुर आया और उसे फोन करके अयोध्या में राम मंदिर के वीआईपी दर्शन कराने के बहाने अपने साथ चलने को कहा। झांसे में आकर महिला अपने बेटे के साथ 10 जुलाई 2025 को अयोध्या आ गई। आरोपी उसे अयोध्या स्थित अपने घर ले गया, जहां उसकी मां और छोटा भाई आनंद मिश्रा भी मौजूद थे। अगले दिन जब कथावाचक की मां अपने मायके चली गईं, तो घर में मौका पाकर पवन देव महाराज ने महिला के साथ दुष्कर्म (रेप) किया।

घटना के बाद जब पीड़ित महिला ने इसका कड़ा विरोध किया और पुलिस में शिकायत करने की चेतावनी दी, तो आरोपी पैर पकड़कर माफी मांगने लगा। उसने लोक-लाज और पुलिस कार्रवाई के डर से महिला से शादी करने का झूठा वादा किया और उसे अपने ही घर पर रख लिया। आरोपी को डर था कि अगर महिला तुरंत पुलिस के पास गई और मेडिकल जांच हुई, तो वह फंस जाएगा। इस दौरान उसने महिला के गहने भी हड़प लिए और कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। लेकिन जब महिला ने आधिकारिक तौर पर शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी साफ मुकर गया। फिलहाल बीकापुर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपों की गहनता से जांच की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button