नोएडा में हिट एंड रन के बाद हाईवोल्टेज हंगामा कार सवारों ने कई लोगों को रौंदा, गुस्साए लोगों ने DND घेरकर की तोड़फोड़

नोएडा के सेक्टर-17 में तेज रफ्तार कार सवारों ने कई लोगों को मारी टक्कर। डीएनडी पर गुस्साए लोगों ने कार रोककर की तोड़फोड़। कार सवारों पर नशे और ड्रग्स का आरोप, पुलिस जांच में जुटी।

नोएडा: दिल्ली से सटे हाईटेक शहर नोएडा के सेक्टर-17 जेजे कॉलोनी के पास उस समय भारी हंगामा और अफरातफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार कार के सवारों ने सड़क पर चलते कई लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इस खौफनाक हिट एंड रन (Hit and Run) की घटना के बाद कार सवार मौके से भागने लगे, जिससे गुस्साए स्थानीय लोगों ने उनका पीछा किया। पब्लिक ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए आरोपियों को डीएनडी (DND) फ्लाईवे के पास घेरकर दबोच लिया।

कार के रुकते ही मौके पर मौजूद उग्र भीड़ का गुस्सा फूट पड़ा और लोगों ने कार में जमकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। घटना के समय कार में सवार युवकों पर अत्यधिक नशे में होने का गंभीर आरोप लगा है। वहीं, मौके पर मौजूद कुछ चश्मदीदों और स्थानीय लोगों का यह भी दावा है कि आरोपी युवक इलाके में ड्रग्स (मादक पदार्थ) की खेप लेने या तस्करी के सिलसिले में आए थे और इसी दौरान उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया।

टक्कर लगने से घायल हुए लोगों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, डीएनडी पर हाईवोल्टेज हंगामे और तोड़फोड़ की सूचना मिलते ही सेक्टर-20 थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कार को अपने कब्जे में ले लिया है और कार सवार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि एक्सीडेंट के वक्त आरोपी किसी नशीले पदार्थ के प्रभाव में थे या नहीं।

Related Articles

Back to top button