
अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या के परिक्रमा मार्ग पर नवनिर्मित वैक्स म्यूजियम का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने राम मंदिर और अयोध्या को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भारत जब भी अच्छी दिशा में आगे बढ़ा है, षड्यंत्रकारियों को नींद नहीं आई और अब एक बार फिर वही पुरानी साजिश शुरू हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि रामजन्मभूमि को बदनाम करने और सनातन परंपरा को कोसने का सिलसिला फिर से चालू कर दिया गया है।
सीएम योगी ने कहा कि जो लोग कभी अयोध्या में रामलला का दर्शन तक करने नहीं आए, वे आज रामभक्ति का ढोंग कर रहे हैं। उन्होंने विपक्ष के दोहरे चरित्र पर निशाना साधते हुए कहा, जिनके शासनकाल में भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर प्रश्न खड़े किए गए, जो लोग उच्चतम न्यायालय में शपथपत्र दाखिल करते थे और रामभक्तों पर लाठियाँ चलाते थे, वो आज रामभक्ति की दुहाई दे रहे हैं। ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है।
राम मंदिर से लगभग दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित इस म्यूजियम को नगर निगम अयोध्या द्वारा तैयार किया गया है। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि इस परियोजना को करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है। म्यूजियम की खासियत यह है कि इसमें मधुमक्खियों के मोम से बनी आकर्षक प्रतिमाओं और कलात्मक प्रस्तुतियों के जरिए भगवान श्रीराम के जन्म से लेकर वनवास, माता सीता हरण, लंका विजय और अयोध्या वापसी तक की गाथा को बेहद जीवंत ढंग से दर्शाया गया है। यहाँ 45 से अधिक रामायण से जुड़े पात्रों और प्रसंगों का चित्रण किया गया है, जिससे श्रद्धालु एक ही स्थान पर संपूर्ण रामायण की झलक देख सकेंगे।
आधुनिक तकनीक और पारंपरिक धार्मिक भावनाओं के संगम से तैयार यह म्यूजियम बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों, सभी के लिए आकर्षण का केंद्र बनने की उम्मीद है। प्रशासन का मानना है कि इससे धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिलेगी और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु रामायण काल को बिल्कुल करीब से महसूस कर सकेंगे। फिलहाल म्यूजियम में प्रवेश के लिए टिकट व्यवस्था लागू की जाएगी, लेकिन दरें क्या होंगी, इस पर नगर निगम प्रशासन जल्द ही अंतिम फैसला लेगा। उद्घाटन के बाद इसे आम पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा।









