
WhatsApp नए-नए फ़ीचर्स अपने करोड़ो यूज़र्स के लिए लगातार ला रहा है। अब खबर है कि मेटा के मालिकाना हक वाला यह पॉपुलर मैसेजिंग प्लैटफ़ॉर्म दो नए फ़ीचर्स पर काम कर रहा है, जो यूज़र एक्सपीरियंस को और बेहतर बना सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, WhatsApp जल्द ही एक नया ग्रीन डॉट ऑनलाइन इंडिकेटर और एडवांस्ड बैकअप मैनेजमेंट फ़ीचर ला सकता है।
सबसे पहले ग्रीन डॉट फ़ीचर के बारे में बात करते हैं, यह फ़ीचर यूज़र्स को बिना चैट खोले यह चेक करने देगा कि कोई कॉन्टैक्ट ऑनलाइन है या नहीं। अभी, ऑनलाइन स्टेटस देखने के लिए आपको किसी व्यक्ति का चैट खोलना पड़ता है, लेकिन नए फ़ीचर के बाद प्रोफ़ाइल फ़ोटो पर ग्रीन डॉट यह जानकारी देगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह फ़ीचर WhatsApp Beta for Android version 2.26.24.5 में देखा गया है। यह फ़ीचर Facebook, Instagram और Slack जैसे प्लैटफ़ॉर्म में मौजूद ऑनलाइन इंडिकेटर्स की तरह काम करेगा। हालांकि, यूज़र्स अपनी प्राइवेसी सेटिंग्स के ज़रिए इस ऑनलाइन स्टेटस को छिपा भी सकते हैं।
इसके अलावा, WhatsApp एक नए बैकअप मैनेजमेंट सेक्शन पर भी काम कर रहा है। इस फीचर की मदद से यूज़र्स ज़रूरत पड़ने पर अपने बैकअप देख, डिलीट और कॉपी कर पाएंगे। इससे फोन और गूगल ड्राइव में स्टोरेज स्पेस को बेहतर तरीके से मैनेज करना आसान हो जाएगा।









