यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने की नई टीम की घोषणा, 19 उपाध्यक्ष और 8 महामंत्री बनाए, 2027 के चुनावी रण के लिए तैयार

टीम में जातीय और क्षेत्रीय संतुलन का रखा गया विशेष ध्यान, प्रियंका रावत और अर्चना मिश्रा समेत कई महिला नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारी; दिनेश प्रताप सिंह बने मुख्य प्रवक्ता

लखनऊ। उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने गुरुवार को अपनी नई कार्यकारिणी का ऐलान कर दिया। इस टीम में 19 उपाध्यक्ष, 8 महामंत्री और 46 मंत्री बनाए गए हैं। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी इसी टीम के साथ 2027 के विधानसभा चुनाव के रण में उतरेंगे।

किनको मिली उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी?

नई टीम में सुरेश राणा, सत्यपाल सैनी, ब्रज बहादुर, डॉ. धर्मेंद्र सिंह और मोहित बेनीवाल समेत 19 नेताओं को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। इस सूची में प्रियंका रावत, अर्चना मिश्रा, पूजा पाल और डॉ. कृतिका अग्रवाल जैसी महिला नेताओं को भी अहम जगह दी गई है। वहीं, रामप्रताप सिंह चौहान, गीता शाक्य, अभिजात मिश्रा, उपेंद्र रावत, संजय राय, शंकर लोधी, दिलीप पटेल और राजेश चौधरी को महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मंत्री पद पर किन्हें मिली जगह?

विजय शिवहरे, बसंत त्यागी, शिवभूषण सिंह, अंकुर शर्मा और अनिल यादव समेत 46 नेताओं को प्रदेश मंत्री बनाया गया है। पार्टी ने इस नई टीम में जातीय और क्षेत्रीय संतुलन का विशेष ध्यान रखा है।

क्षेत्रीय और मोर्चा प्रभारियों की सूची

पार्टी ने छह क्षेत्रों की कमान अनुभवी नेताओं को सौंपी है। पश्चिम क्षेत्र का प्रभारी नबाब सिंह नागर, ब्रज क्षेत्र का पूरन लाल लोधी, कानपुर क्षेत्र का राम किशोर साहू, अवध क्षेत्र का अवधेश द्विवेदी, काशी क्षेत्र का अशोक चौरसिया और गोरखपुर क्षेत्र का प्रभारी विनोद राय को बनाया गया है। मोर्चों की बात करें तो रोहित मिश्रा को युवा मोर्चा, प्रकाश पाल को पिछड़ा मोर्चा, देवेंद्र सिंह को किसान मोर्चा, अशोक रावत को अनुसूचित मोर्चा, सरोज कुशवाह को महिला मोर्चा और विद्याभूषण गोंड को अनुसूचित जनजाति मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

प्रवक्ता और मीडिया टीम

पार्टी ने दिनेश प्रताप सिंह को मुख्य प्रवक्ता, मनीष दीक्षित को प्रदेश मीडिया संयोजक और हिमांशुराज पंडित को प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक की अहम जिम्मेदारी दी है।

Related Articles

Back to top button