“पहले न बेटी सुरक्षित थी, न व्यापारी” संतकबीरनगर में गरजे सीएम योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज संतकबीरनगर पहुंचे, जहां उन्होंने जनपद को करोड़ों रुपये की कई विकास परियोजनाओं का लोकर्पण और शिलान्यास कर बड़ी सौगात दी। इस दौरान एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों और विपक्ष पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला। सीएम योगी ने साफ शब्दों में कहा कि आज उत्तर प्रदेश अपनी पहचान के लिए किसी का मोहताज नहीं है, बल्कि देश और दुनिया में राज्य की एक नई और गौरवशाली पहचान बनी है।

‘विपक्ष ने किसानों को तबाह किया, हमारी सरकार में विरासत का सम्मान’
पिछली व्यवस्थाओं पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “एक दौर वह भी था जब उत्तर प्रदेश में किसान आत्महत्या करने को मजबूर थे और विपक्ष की नीतियों ने अन्नदाताओं को पूरी तरह तबाह कर दिया था। पहले युवाओं के रोजगार पर डाका डाला जाता था, लेकिन आज हमारी सरकार में नौजवानों को बिना किसी भेदभाव के पारदर्शिता के साथ रोजगार मिल रहा है।” उन्होंने आगे कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में न बेटी सुरक्षित थी और न ही व्यापारी, लेकिन आज सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। अब प्रदेश में विकास की गाड़ी बेहद तेजी से आगे बढ़ रही है और डबल इंजन की सरकार में चारों तरफ एक्सप्रेसवे का जाल बिछाया जा रहा है। हमारी सरकार विकास के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत का भी पूरा सम्मान कर रही है।

‘इंदिरा गांधी ने आपातकाल लगाकर की थी लोकतंत्र की हत्या’
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर इतिहास का सबसे बड़ा हमला बोलते हुए आपातकाल का जिक्र किया। सीएम योगी ने कहा, “तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश पर जबरन आपातकाल थोपकर भारतीय लोकतंत्र की बेरहमी से हत्या की थी। उस काले दौर में नागरिकों के अधिकार छीन लिए गए थे और सच्चाई को दबाने के लिए मीडिया पर पूरी तरह बैन लगा दिया गया था।” उन्होंने जनता को याद दिलाया कि किस तरह कांग्रेस ने देश के लोकतांत्रिक ढांचे को नुकसान पहुंचाया था। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आज देश और प्रदेश दोनों जगह भयमुक्त और पारदर्शी माहौल है, जहां हर वर्ग के कल्याण के लिए काम हो रहा है।

Related Articles

Back to top button