
बहराइच : ड्रग डिपार्टमेंट और पुलिस की जॉइंट टीम ने बहराइच जिले के दरगाह थाना इलाके में एक दवा डीलर के गोदाम पर छापा मारा। इस दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप बरामद किया गया। टीम ने बरामद सिरप को जब्त कर लिया और दवा डीलर के खिलाफ लोकल थाने में केस दर्ज कराया।
गोदाम में भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप छिपाकर रखा गया था
वही ड्रग इंस्पेक्टर विनय कृष्ण को सूचना मिली थी कि दरगाह थाना इलाके में स्थित शिवांश मेडिकल एजेंसी के गोदाम में भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप छिपाकर रखा गया है। इस सूचना पर उन्होंने बुधवार रात करीब दस बजे दरगाह थाना और रुपईडीहा पुलिस के साथ मौके पर छापा मारा।
8140 बोतलें कोडीन कफ सिरप बरामद
छापेमारी के दौरान गोदाम से कोडीन कफ सिरप की 67 पेटियां बरामद हुईं, जिन्हें तुरंत जब्त कर लिया गया। यह कार्रवाई देर रात तक चली। ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि कुल 8140 बोतलें कोडीन कफ सिरप बरामद हुई हैं।
इस संबंध में दरगाह थाने में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। बरामद सामान को जब्त कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। गौरतलब है कि दो दिन पहले ही भारत-नेपाल सीमा के पास रुपईडीहा इलाके में भारी मात्रा में कोडीन सिरप बरामद किया गया था।









