
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में स्नातक और परास्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए चल रही काउंसलिंग एवं चॉइस लॉकिंग की प्रक्रिया के दूसरे दिन अभ्यर्थियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। मंगलवार शाम तक करीब 15 हजार अभ्यर्थी अपने पसंदीदा पाठ्यक्रमों और महाविद्यालयों के लिए चॉइस लॉक कर चुके थे। काउंसलिंग के पहले राउंड के लिए बुधवार तक चॉइस लॉक करने का आज आखिरी मौका है।
25 जुलाई को आएंगे आवंटन परिणाम
प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा ने बताया कि प्रथम चक्र की चॉइस लॉकिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद 25 जुलाई को आवंटन परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों को सुझाव दिया कि वे समय रहते अपनी चॉइस लॉक कर लें, अन्यथा वे काउंसलिंग के पहले चरण के अवसर से वंचित रह जाएंगे। यदि पहले चक्र की प्रवेश प्रक्रिया के बाद सीटें रिक्त रहती हैं तो दूसरे चक्र के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग और चॉइस लॉकिंग की प्रक्रिया दोबारा शुरू की जाएगी।
सीधे प्रवेश का भी आज आखिरी मौका
प्रो. सिन्हा ने बताया कि जिन विषयों में सीटों की तुलना में कम आवेदन प्राप्त हुए थे, वहां सीधे प्रवेश का एक चक्र पूरा हो चुका है और दूसरे चक्र के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया जारी है, जिसकी अंतिम तिथि भी बुधवार यानी आज है। उपलब्ध पाठ्यक्रमों की सूची विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल dduguadmission.in पर देखी जा सकती है।









