
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अनुपूरक बजट पेश कर दिया है। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने सदन में करीब 59 हजार करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट प्रस्ताव रखा। इस दौरान विधानसभा में विपक्षी समाजवादी पार्टी के विधायकों की नारेबाजी भी जारी रही।
प्रस्तावित बजट में 41,620.04 करोड़ रुपये पूंजीगत व्यय के लिए रखे गए
बता दे कि वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बजट भाषण के दौरान बताया कि सरकार ने विकास कार्यों और जरूरी योजनाओं को गति देने के लिए अनुपूरक बजट में विशेष प्रावधान किए हैं। प्रस्तावित बजट में 41,620.04 करोड़ रुपये पूंजीगत व्यय के लिए रखे गए हैं, जबकि 17,399.50 करोड़ रुपये राजस्व व्यय के लिए प्रस्तावित किए गए हैं।
सरकार का कहना है कि पूंजीगत खर्च के जरिए प्रदेश में बुनियादी ढांचे, विकास परियोजनाओं और जनहित से जुड़ी योजनाओं को मजबूती मिलेगी। वहीं राजस्व व्यय के माध्यम से विभिन्न विभागों की जरूरतों और चल रही योजनाओं को पूरा करने पर जोर दिया जाएगा।
विपक्ष ने कई मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की
बजट पेश किए जाने के दौरान विधानसभा में विपक्ष ने कई मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सपा विधायक लगातार विरोध प्रदर्शन करते नजर आए। हालांकि हंगामे के बीच वित्त मंत्री ने अपना बजट भाषण पूरा किया।
उत्तर प्रदेश सरकार ने अनुपूरक बजट के जरिए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और विभिन्न योजनाओं के लिए अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराने का प्रयास किया है। अब सदन में इस बजट पर चर्चा के बाद इसे पारित करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।









