
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से एक बड़े हादसे की खबर सामने आ रही है। लोनी बॉर्डर इलाके के जौहरी एनक्लेव क्षेत्र में एक हार्डवेयर की दुकान पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान अचानक इमारत की छत भरभरा कर गिर गई। इस हादसे में तीन मजदूर मलबे के नीचे दब गए, जिनमें से 2 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि एक अन्य मजदूर के फंसे होने की आशंका है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया। राहत और बचाव कार्य के लिए फौरन SDRF और NDRF की टीमों को मौके पर बुलाया गया है। फंसे हुए मजदूर को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हालांकि, मौके पर रूट डायवर्जन होने के चलते रेस्क्यू टीमों को घटनास्थल तक पहुंचने और उपकरण लाने में कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ा, लेकिन प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने में जुटा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुकान पर निर्माण कार्य चल रहा था और अचानक छत कमजोर होने या किसी तकनीकी कारण से बैठ गई। आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई है और प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ राहत कार्य को अंजाम दे रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मलबे में दबे आखिरी व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना उनकी पहली प्राथमिकता है।









