इंडोनेशिया में 7.7 तीव्रता के भूकंप से भारी तबाही, 47 की मौत, 20 से ज्यादा घायल; मलबे में दबे लोगों को निकालने में जुटी टीमें

जकार्ता। इंडोनेशिया में शनिवार सुबह आए 7.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। इस आपदा में अब तक 47 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। भूकंप के चलते कई इमारतें ढह गईं और सैकड़ों घरों में दरारें आ गईं। प्रभावित इलाकों में लगातार हल्के झटके भी महसूस किए जा रहे हैं।

सबसे ज्यादा तबाही मौमेरे में

भूकंप का सबसे अधिक असर बंदरगाह शहर मौमेरे पर पड़ा है, जहां अकेले 20 लोगों की जान चली गई और छह लोग घायल हुए हैं। वहीं, दो लोग अभी भी मलबे में दबे हुए हैं। तटीय इलाकों में समुद्र से करीब एक मीटर ऊंची लहरें किनारों तक पहुंच रही हैं, लेकिन अभी तक उनसे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। हालांकि, सुनामी का खतरा पूरी तरह टला नहीं है।

राहत और बचाव में आ रही मुश्किलें

इंडोनेशिया की राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी के प्रमुख सुहारयांतो ने बताया कि करीब दो हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। क्षतिग्रस्त भवनों के मलबे में अब भी कई लोगों के दबे होने की आशंका है। भूस्खलन और सड़कों के टूट जाने से कई प्रभावित इलाकों तक राहत दल नहीं पहुंच पा रहे हैं, ऐसे में हेलीकॉप्टरों की मदद ली जा रही है।

नागेकेओ क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, जहां से लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। अस्पताल घायलों से भर गए हैं और गंभीर मरीजों को आसपास के अस्पतालों में भेजा जा रहा है। बता दें कि 1992 में भी इसी इलाके में 7.5 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें भारी नुकसान हुआ था।

Related Articles

Back to top button